शिक्षा और रोजगार
Road Safety Awareness: सरस्वती विद्या मंदिर में विद्यार्थियों को यातायात नियमों और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
डायल 112 की जानकारी देकर सुरक्षित एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश
Road Safety Awareness: जाखल/कुलां, (तरसेम सिंह)। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और आपातकालीन सेवा डायल 112 के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना यातायात पुलिस की ओर से कुलां क्षेत्र के गांव धारसुल स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार ने किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क पर हमेशा सावधानी बरतनी चाहिए और यातायात संकेतों व नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सड़क पार करते समय दोनों ओर देखने, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा बिना वैध लाइसेंस वाहन न चलाने की सलाह दी।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में भी जागरूक किया। उन्हें अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए डायल 112 का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।
सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के अनावश्यक और अत्यधिक उपयोग से बचने तथा समय पढ़ाई, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों ने पुलिस के जागरूकता अभियान की सराहना की।