पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर भड़के सतनाम सिंह विर्क, बोले — “जनता की जेब पर डाका डाल रही भाजपा सरकार”

पेट्रोल-डीजल महंगा होने पर कांग्रेस नेता का वार, बोले- जनता आर्थिक संकट में

Published On

पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरदार सतनाम सिंह विर्क ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार आम आदमी की कमर तोड़ने का काम कर रही है और लगातार महंगाई बढ़ाकर जनता को आर्थिक संकट की ओर धकेला जा रहा है।

सतनाम सिंह विर्क ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब भी सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं किए और भारी मुनाफा कमाती रही। अब यदि तेल की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है तो उसका पूरा बोझ सीधे आम जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।उन्होंने कहा कि कभी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए जाते हैं तो कभी रसोई गैस सिलेंडर महंगा कर दिया जाता है। सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता परेशान है।

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को तेल, सोना और विदेश यात्राओं पर सलाह देने वाले खुद लगातार विदेश दौरों और बड़ी-बड़ी रैलियों में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में देशहित और जनता की चिंता करती तो फिजूल खर्ची और दिखावटी राजनीति से बचती। विर्क ने कहा कि भाजपा के मंत्री और मुख्यमंत्री केवल दिखावे के लिए कभी बस में सफर कर फोटो खिंचवाते हैं तो कभी साइकिल चलाकर प्रचार करते हैं, जबकि उनके पीछे लंबा-चौड़ा सरकारी काफिला चलता रहता है। उन्होंने इसे जनता को गुमराह करने की राजनीति बताते हुए कहा कि देश की जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

Pehowa News

About The Author

Related Posts