Sirsa Road Accident: माता-पिता से इकलौते बेटे की जिंदगी छीन कर ले गई तेज रफ्तार कार

बाइक को मारी टक्कर मारकर चालक मौके से फरार

Published On

Accident News:  ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-9 पर रविवार रात गांव टप्पी के निकट तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को दिए बयान में गांव टप्पी निवासी रतनलाल ने बताया कि कृष्ण कुमार उर्फ वीरेंद्र और गांव चोरमार निवासी संदीप सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव टप्पी से डबवाली की ओर जा रहे थे। जब वे गांव के पास गौशाला के नजदीक पहुंचे तो सरसा की तरफ से आ रही एक कार के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने करीब 27 वर्षीय कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल दूसरे युवक का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर ओढां पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। जांच अधिकारी संतोष ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे में जान गंवाने वाला कृष्ण कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts