Road Accident News: मिनी बाईपास पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल

एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया

Sarvesh Kumar Picture
Published On

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: मिनी बाइपास पर एक साल से टूटी पड़ी सड़क और अवैध कट अब आम लोगों की जान के लिए खतरा बन चुके हैं। सोमवार को मंदिर के पास स्थित एक कॉलोनी के समीप हुए हादसे ने प्रशासनिक लापरवाही को उजागर कर दिया। यहां ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद करीब 20 मिनट तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। अंतत: पुलिसकर्मियों ने मानवीय पहल दिखाते हुए घायलों को अपनी गाड़ी में नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान सेक्टर-19 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी अजय कुमार और प्रहलाद सिंह के रूप में हुई है। दोनों दिहाड़ी मजदूरी के लिए मिनी बाइपास स्थित कॉलोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद कर पुलिस को सूचना दी।  

स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले मुख्य सीवरेज लाइन डालने के लिए सड़क को पाँच-छह फीट तक खोदा गया था, लेकिन इसके बाद मरम्मत नहीं करवाई गई। मेडिकल कॉलेज से लेकर रेलवे फाटक तक सड़क कई स्थानों पर टूटी हुई है, जिससे वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके साथ ही अवैध कट भी हादसों को बढ़ावा दे रहे हैं। एक माह पहले इसी क्षेत्र में अवैध कट पार करते समय पिता-पुत्र की जान जा चुकी है।  

जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ रूपराम ने बताया कि बीएंडआर विभाग ने सड़क बनाने के खर्च के तौर पर 35 लाख रुपये का बिल बनाया था। इसी आधार पर हैड क्वार्टर बीटी बिल 35 लाख रुपये का पास होने के लिए भेजा था। जो पास हो गया है। जल्द ही पैसा आने के साथ ही संबंधित विभाग को भेज दिया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द सड़क दुरुस्त हो सके। उम्मीद है कि इस सप्ताह में पैसा आ जाएगा।

About The Author

Related Posts