Punjab
Haryana Local Body Elections: हरियाणा निकाय चुनावों के दौरान अंबाला में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का हंगामा
निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई प्रक्रिया: चुनाव आयोग
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में 7 नगर निकायों में आम चुनाव और पंचायती राज के 528 पदों पर उपचुनाव के लिए रविवार को वोटिंग संपन्न हो गई। शाम 6 बजे तक चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, निकायों में 52.7 प्रतिशत वोटिंग हुई। सांपला नगर पालिका में सबसे ज्यादा 79.2 प्रतिशत वोटिंग हुई, वहीं सोनीपत नगर निगम में सबसे कम 43.9 प्रतिशत वोट पड़े। छह बजे तक सभी मतदान केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। जो लोग लाइनों में लगे थे, सिर्फ उन्हें ही बाद में वोट डालने दिया गया। वहीं पंचायत उपचुनाव के नतीजे रविवार शाम को आने शुरू हो गए थे जबकि निकाय चुनाव के परिणाम 13 मई को आएंगे। Haryana Local Body Elections
बता दें कि नगर निकाय चुनावों के अंतर्गत अंबाला, पंचकूला एवं सोनीपत नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, धारूहेड़ा, सांपला एवं उकलाना नगरपालिकाओं में चुनाव आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में वार्डों के उप-चुनाव भी सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाए गए। इसी प्रकार पंचायती राज संस्थाओं के अंतर्गत जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच एवं पंच पदों के लिए विभिन्न जिलों में सामान्य एवं उप-चुनाव आयोजित किए गए।
जानकारी के अनुसार धारूहेड़ा में चेयरपर्सन पद की कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी राज ने भाजपा पर पैसे बांटने के आरोप लगाए। राज ने कहा कि भाजपा वालों ने लोगों को एक-एक हजार रुपए दिए। प्रशासन के साथ मिलकर चुनाव में धांधली की जा रही है। वहीं रेवाड़ी में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक युवक फर्जी वोट डालते हुए पकड़ा गया। प्रत्याशियों के हंगामे के बाद पुलिस की टीम ने युवक को हिरासत में ले लिया। Haryana Local Body Elections
अंबाला में नगर निगम के बाहर कांग्रेस ने हंगामा किया। वार्ड-8 से कांग्रेस प्रत्याशी कुलजीत कौर के समर्थकों ने बताया कि सुबह से ही गड़बड़ियां शुरू हो गई थीं। एक महिला को पकड़ा गया, जिसका नाम तो वोटर लिस्ट से मेल खाता था, लेकिन पता और फोटो अलग था। उस महिला को वोट डालने से रोक दिया और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की, लेकिन वह महिला मौके से गायब हो गई।
पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोप
उकलाना के बूथ नंबर 5 पर 80 वर्षीय दादा का वोट डलवाने आई युवती ने पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। युवती ने कहा कि उन्होंने अंदर ले जाने के लिए व्हीलचेयर तक नहीं दी। युवती ने आगे कहा कि जब हम बैठने लगे तो बैठने भी नहीं दिया और कहा कि इन्हें उठाकर ले जाओ। हम बुजुर्ग को कैसे लेकर जाएं? यहां इंतजाम तो होने चाहिए थे।
फर्जी वोट डालने आई महिला पकड़ी
रेवाड़ी के वार्ड नंबर 4 में कुछ लोगों ने एक महिला को घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह महिला सुबह से 4 बार वोट डालकर जा चुकी है। उसकी उंगली पर स्याही का निशान भी नहीं है। वह कपड़े बदलकर बार-बार आ रही है। हंगामा बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। ऊरढ पवन भी मौके पर पहुंचे।
चुनाव आयोग का दावा- चुनाव शांतिपूर्ण रहे
चंडीगढ़। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में आयोजित नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका एवं पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य तथा उप-चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न करवाए गए। राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने कहा कि आयोग द्वारा चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे। कल्याण ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान पंचकूला के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया तथा मतदान व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं मतदाता सुविधाओं का जायजा लिया। Haryana Local Body Elections