डिंग मंडी में चोरी की बढ़ती वारदातों पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

बाजार बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ किया धरना प्रदर्शन

Manmohan Picture
Published On

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। डिंग की पुरानी अनाज मंडी में क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर रविवार को ग्रामीणों और दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा। चोरी की बढ़ती वारदातों से परेशान ग्रामीणों ने एक अहम बैठक आयोजित कर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत मिलने पर पुलिस  की घटनाओं का खुलासा करने में गंभीरता नहीं दिखाती। इससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं और क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। Sirsa News

बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदार भी शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर विरोध स्वरूप बाजार बंद करने का निर्णय लिया और अपनी दुकानों के शटर बंद कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए रोष व्यक्त किया तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। धरने और बाजार बंद की सूचना मिलते ही सरसा से डिंग थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सहित डीएसपी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीण रामदत्त पुनिया, आजाद जाखड़, चेतराम फुटेला, कर्ण यादव और पवन सुथार ने अधिकारियों को बताया कि गांव में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि चोर अब छोटी-मोटी चोरी तक सीमित नहीं रहे, बल्कि बड़ी घटनाओं को अंजाम देने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि इससे पहले गांव में भैंस चोरी की घटना हुई थी, जिसमें चोर पकड़े जाने के बावजूद अब तक रिकवरी नहीं हो सकी है। इस तरह की घटनाओं से लोगों का पुलिस प्रशासन पर भरोसा कमजोर हो रहा है। ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन का समय मांगा और प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इसके बाद डीएसपी राजेश कुमार ने गांव के करीब 20 मौजिज व्यक्तियों के साथ बैठक कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विस्तृत चर्चा की। बैठक में गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने, मुख्य चौक-चौराहों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने जैसे महत्वपूर्ण सुझावों पर सहमति बनी। डीएसपी ने ग्रामीणों से पुलिस कार्रवाई में सहयोग की अपील की, जिस पर ग्रामीणों ने भी पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। Sirsa News

सूने मकान से लाखों की नकदी व जेवरात चोरी, परिवार के उड़े होश

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। जिला के डिंग मंडी क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये की नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। वारदात का पता तब चला जब परिवार रिश्तेदारी से वापस घर लौटा। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में डिंग मंडी निवासी तरूण शर्मा ने बताया कि गत सात मई को वह अपने पूरे परिवार के साथ किसी काम से रिश्तेदारी में गया हुआ थे।

शनिवार नौ मई की दोपहर करीब तीन बजे जब वह घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरों में रखी अलमारियों के लाक टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। तरूण के अनुसार चोर घर से करीब आठ लाख रुपये की नकदी, छह सोने की अंगूठियां, दो हीरे की अंगूठियां, एक सोने की चेन, दो जोड़ी सोने के कड़े, दो जोड़ी सोने के झुमके, 10 जोड़ी चांदी की पाजेब, आठ जोड़ी चांदी की चुटकी, दो जोड़ी हीरे के कोके, 40 चांदी के सिक्के, पांच जोड़ी सोने के कोके तथा दो जोड़ी सोने के बाले चोरी कर ले गए। परिवार ने अपने स्तर पर चोरों की तलाश का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। Sirsa News

About The Author

Related Posts