पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका: फतेह सिंह बाजवा और विधायक बलविंदर सिंह लाडी भाजपा में शामिल

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस विधायक और राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा के विधायक भाई फतेह सिंह बाजवा और विधायक बलविंदर सिंह लाडी भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनके साथ ही क्रिकेटर दिनेश मोंगिया भी चंडीगढ़ में बीजेपी में शामिल हुए। साथ ही गुरतेज गुढियान ने भाजपा का दामन थामा है। वह अकाली दल से तीन बार विधायक रह चुके हैं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दिल्ली में इन सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलवाई।

कल ही शाह, कैप्टन और ढींढसा के बीच हुई अह्म बैठक

पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव ढींढसा की अकाली दल संयुक्त पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सोमवार को यहाँ गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा , कैप्टन सिंह, और ढींढसा के बीच गठबंधन को लेकर अहम बैठक हुई।

तीनों दलों का एक संयुक्त घोषणापत्र बनेगा

बैठक की जानकारी देते हुए पंजाब के भाजपा चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि सीट बंटवारे को लेकर भी चर्चा हुई है। सीटों के बटवारे को लेकर तीनों पार्टियों के दो-दो प्रतिनिधियों की एक टीम बनाई जाएगी। इसके बाद सीटें तय होंगी। उन्होंने कहा कि बैठक में फैसला लिया गया कि तीनों दलों का एक संयुक्त घोषणापत्र बनेगा। माना जा रहा है कि गठबंधन में सीटों का बड़ा हिस्सा भाजपा को जाने वाला है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी लंबे समय से सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के साथ अपने अनुभव को देखते हुए राज्य में अपने संगठन का विस्तार और मजबूत करना चाहती है।

चुनावों के लिए भाजपा ने कसी कमर

कृषि कानूनों की वापसी के बाद से बीजेपी ने पंजाब में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में लगातार पार्टी अपना कुनबा बढ़ा रही है। कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने दिल्ली से लगी सीमाओं पर करीब एक साल तक विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद सरकार ने इन तीनों बिलों को वापस ले लिया।,

फतेहसिंह बाजवां को नवजोत सिंह सिद्धू ने उम्मीदवार घोषित किया था

नवजोत सिंह सिद्धू ने फतेह सिंह बाजवां को पिछले दिनों कादियां से कांग्रेस उम्मीदवार घोषित किया था। ऐसे में फतेह सिंह बाजवां का भाजपा में शामिल होना न केवल कांग्रेस को बल्कि नवजोत सिंह सिद्धू को भी व्यक्तिगत तौर पर बड़ा झटका है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts