Farmers News: बासमती किस्मों के रिकॉर्ड तोड़ भाव से पिछले वर्षों के घाटे की हुई भरपाई, किसान खुश
3 साल बाद मिला अच्छा भाव, पिछले वर्षों में कम रेट मिलने से मायूस किसानों के चेहरों पर लौटी रौनक
फिरोजपुर, सच कहूँ/जगदीप सिंह। Farmers News: पंजाब के अन्य जिलों के साथ-साथ सीमावर्ती जिले फिरोजपुर-फाजिल्का के किसान धान की पीआर किस्मों के मुकाबले अधिक रकबे में बासमती किस्मों को प्राथमिकता देते आ रहे हैं। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों से बासमती किस्मों का कम उत्पादन और कम भाव मिलने के कारण किसानों का रुझान इन किस्मों से कम होता जा रहा था। लेकिन करीब 3 साल बाद बासमती किस्मों को मिल रहे रिकॉर्ड तोड़ भाव ने जहाँ किसानों के पिछले वर्षों के घाटे की भरपाई कर दी है, वहीं बासमती बेचकर लौट रहे किसानों के चेहरों पर भी रौनक ला दी है।
वर्ष 2023 में बासमती 1121, 1718 और 1401 (मुच्छल) जैसी किस्मों के 4,000 से 4,500 रुपये प्रति क्विंटल तक अच्छे भाव मिलने के साथ-साथ उत्पादन भी अच्छा हुआ था। इसके चलते किसानों को प्रति एकड़ एक लाख रुपये से अधिक की फसल प्राप्त हुई थी, जिससे किसान काफी खुश थे। लेकिन अगले वर्ष तक बासमती किस्मों के भाव घटकर 3,000 से 3,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। साथ ही उत्पादन कम होने के कारण किसानों को बासमती की खेती में घाटा उठाना पड़ा, जिससे उनके चेहरे मायूस हो गए। इसके बाद वर्ष 2025 में भी किसानों को बासमती किस्मों से ज्यादा मुनाफा नहीं हुआ। इसके चलते किसानों ने बासमती के रकबे में कटौती कर पीआर किस्मों का रकबा बढ़ा दिया। अब करीब 3 साल बाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बासमती चावल की बढ़ती मांग के कारण मंडियों में इन किस्मों को रिकॉर्ड तोड़ भाव मिल रहे हैं, जिससे किसानों के चेहरों पर फिर से रौनक लौट आई है।
इस सीजन में बासमती किस्मों की मंडियों में आवक शुरू होने के दौरान जहां शुरूआत में 5,000 से 5,500 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहे थे, वहीं अब मंडियों में आवक बढ़ने के कारण व्यापारी 4,500 से 5,000 रुपये प्रति क्विंटल तक बोली लगा रहे हैं। इस बार उत्पादन भी अच्छा रहने के कारण किसानों को प्रति एकड़ एक लाख से सवा लाख रुपये तक की फसल प्राप्त हो रही है। हालांकि, अक्तूबर महीने में हुई बेमौसमी भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण कई क्षेत्रों के किसानों को उत्पादन में कमी का नुकसान भी झेलना पड़ा है।
बासमती के अच्छे-बुरे भाव का जमीनों की कीमतों और ठेकों पर भी पड़ता है असर
पिछले वर्षों के दौरान बासमती किस्मों के अच्छे-बुरे भाव का असर जमीनों की कीमतों और ठेकों पर भी पड़ा है। अच्छे भाव मिलने पर जहां जमीनों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई, वहीं जमीनों के ठेके भी आसमान छूने लगे। जिन जमीनों के ठेके पहले 50 से 60 हजार रुपये प्रति एकड़ से भी कम थे, उन्हीं जमीनों के ठेके बढ़कर 80 हजार रुपये प्रति एकड़ से अधिक हो गए। लेकिन अगले वर्ष बासमती के भाव कम होने के कारण ऊंचे ठेके पर जमीन लेकर खेती करने वाले किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अब इस वर्ष फिर से बासमती किस्मों को मिल रहे रिकॉर्ड तोड़ भाव का असर जमीनों की कीमतों और ठेकों पर भी पड़ सकता है।
Comments