पटियाला की ‘अंबे अपार्टमेंट’ कॉलोनी बनी स्वच्छता की मिसाल, 153 घरों के कचरे का खुद कर रही प्रबंधन

प्लास्टिक मुक्त कॉलोनी बनने का गौरव भी किया हासिल, अन्य शहरवासी भी ऐसे प्रोजेक्टों से सीख लेकर करें पहल: ग्रेवाल

Published On

पटियाला, सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर। Patiala News: शाही शहर पटियाला को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के अभियान के तहत स्थानीय ‘अंबे अपार्टमेंट’ कॉलोनी शहर की अन्य रिहायशी सोसायटियों के लिए प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है। कॉलोनी के 153 घरों की ओर से अपने स्तर पर ही कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जा रहा है। इसके साथ ही कॉलोनी ने पूरी तरह ‘प्लास्टिक मुक्त’ होने की उपलब्धि भी हासिल की है। इस सराहनीय पहल के लिए नगर निगम कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल के दिशा-निर्देशों पर निगम की टीम की ओर से कॉलोनी का प्रतिनिधित्व कर रहे सभी निवासियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खुशी अग्रवाल, सेनेटरी इंस्पेक्टर इन्द्रजीत सिंह, सीएफ गुरप्रीत कौर और सीएफ मनी सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

नगर निगम कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल ने अंबे अपार्टमेंट के सभी निवासियों की भरपूर प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस तरह 153 घरों ने मिलकर कॉलोनी को प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ-साथ अपने गीले और बागवानी से निकलने वाले कचरे का कॉलोनी में ही उचित निपटान शुरू किया है, वह बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस मॉडल से जहाँ कॉलोनी का वातावरण साफ-सुथरा और हरा-भरा रहेगा, वहीं नगर निगम के डंपिंग प्वाइंटों पर भी कचरे का बोझ कम होगा। कमिश्नर ने शहर की अन्य सभी कॉलोनियों, रिहायशी सोसायटियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अंबे अपार्टमेंट के निवासियों से प्रेरणा लेते हुए अपने स्तर पर ही गीले और हरे कचरे के प्रबंधन की पहल करें। उन्होंने कहा कि यदि हर कॉलोनी और मोहल्ला इसी तरह जिम्मेदारी के साथ आगे आए, तो पटियाला को स्वच्छता के मामले में देश के अग्रणी शहरों में शामिल किया जा सकता है।

कॉलोनी में कचरे के उचित निपटान के लिए लगाए 4 से 5 विशेष कंपोस्ट बिन

जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में कचरे के उचित निपटान के लिए 4 से 5 विशेष कंपोस्ट बिन लगाए गए हैं, जिन पर करीब 2 लाख रुपये की लागत आई है। यह आधुनिक प्रणाली कॉलोनी के गीले और बागवानी से निकलने वाले कचरे को महज 45 दिनों के भीतर उपजाऊ जैविक खाद में बदल देती है। इस खाद का इस्तेमाल कॉलोनी के पार्कों और हरियाली को बनाए रखने के लिए किया जाता है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts