महिला ने दिया चार बच्चों को जन्म, परिवार ने बांटी मिठाइयां

Published On

अमृतसर (सच कहूँ न्यूज)। सरकारी मेडिकल कॉलेज गुरुनानक देव अस्पताल की गायनी वार्ड में एक महिला ने चार बच्चों (Four Children) को जन्म दिया है। अमृतसर में संभवत: यह पहली बार जब किसी महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया है। इनमें दो लड़कियां व दो लड़के हैं। हालांकि ये सभी बच्चे प्रीमैच्योर यानी समय पूर्व जन्मे हैं। इनका वजन तकरीबन डेढ़ किलोग्राम है। महिला की गर्भावस्था के सातवें माह में जन्म होने की वजह से बच्चों का वजन कम है। ऐसे में डाक्टरों ने दो बच्चों को आइसीयू में जबकि दो को फोटोथैरेपी मशीन में रखा है।

दरअसल, कोट खालसा की रहने वाली सर्बजीत कौर की कोख से इन बच्चों का जन्म हुआ है। सर्बजीत पहले से एक बेटी की मां है। मंगलवार की रात गुरुनानक देव अस्पताल स्थित गायनी विभाग में उसकी डिलीवरी हुई। डिलीवरी की प्रक्रिया में डेढ़ घंटे का समय लगा। एक साथ चार बच्चों (Four Children) का जन्म होने पर परिवार खुशी से फूला नहीं समाया। सर्बजीत के पति प्रकट सिंह व दादी परमजीत कौर ने गायनी विभाग में मिठाइयां बांटीं।

चारों बच्चों का रखा जा रहा खास ख्याल : डाक्टर

उनका इलाज कर रहे डा. अश्विनी सरीन का कहना है कि पांच साल से वह इसी अस्पताल में हैं, पर एक साथ चार बच्चों का जन्म नहीं हुआ। हां, कुछ समय पूर्व एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया था। हमारी टीमें चारों बच्चों का खास ख्याल रख रही है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts