फर्जी वारिसनामा बनाकर जमीन हड़पने का आरोप

छह नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

Published On

हनुमानगढ़। कृषि भूमि हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने छह नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, निर्मल कुमार (36) पुत्र ओमप्रकाश नायक निवासी सीतो गुनो मंडी तहसील अबोहर जिला फाजिल्का, पंजाब ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हनुमानगढ़ के समक्ष इस्तगासा पेश किया। Hanumangarh News

परिवाद में बताया गया कि उसके नाना उदाराम के नाम से चक नम्बर 17 केएसपी तहसील हनुमानगढ़ में कृषि भूमि दर्ज थी। नाना की मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति में कुल 10 वारिसों का हक था, जिनमें परिवादी की माता विमला देवी भी शामिल थीं। हालांकि उनकी मृत्यु पहले ही हो चुकी थी, जिससे उनका हिस्सा परिवादी को मिलना था। आरोप है कि हंसराज, रामेश्वरलाल, मेनपाल, बद्रीप्रसाद सहित अन्य आरोपियों ने मिलीभगत कर परिवादी की माता को वारिस न दिखाते हुए फर्जी वारिसनामा तैयार करवा लिया। इसके बाद वर्ष 2013 में त्याग पत्र पंजीकृत करवा कर जमीन अपने नाम करवा ली।

परिवादी का आरोप है कि राजस्व अधिकारियों के समक्ष झूठे दस्तावेज और शपथ पत्र पेश कर नामांतरण कराया गया, जिससे उसके वैध हिस्से की भूमि हड़प ली गई। जब परिवादी को हाल ही में इस फर्जीवाड़े की जानकारी मिली और उसने अपनी जमीन की मांग की, तो आरोपियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई सोहनलाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts