Hanumangarh News: भूमि सौदे में 23 लाख रुपए हड़पने का आरोप

विक्रय अनुबंध के बाद पत्नी के नाम कराया दानपत्र, टिब्बी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। टिब्बी क्षेत्र में कृषि भूमि विक्रय अनुबंध के नाम पर कथित धोखाधड़ी और रकम हड़पने का मामला सामने आया है। पीलीबंगा क्षेत्र के एक किसान ने टिब्बी थाने में रिपोर्ट देकर आरोप लगाया है कि विक्रय अनुबंध के बावजूद जमीन का दानपत्र पत्नी के नाम करवा दिया गया और उससे ली गई राशि हड़पने का प्रयास किया गया। Hanumangarh News

टिब्बी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार लालचंद (64) पुत्र अणतराम जाट निवासी वार्ड नम्बर 11, ठाकरवाला, चक 2 एनएम तहसील पीलीबंगा ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि कुलदीप पुत्र राजकुमार निवासी वार्ड नम्बर 26, गली नम्बर 2, सूर्यनगर, हनुमानगढ़ टाउन को घरेलू आवश्यकता के लिए धनराशि की जरूरत थी।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी कुलदीप ने चक 1 आरके तहसील टिब्बी स्थित खाता संख्या 115 की भूमि में अपने हिस्से की 1.265 हेक्टेयर (करीब 5 बीघा) भूमि को 10 लाख रुपए प्रति बीघा के हिसाब से कुल 50 लाख रुपए में बेचने का करार किया। इसके लिए 13 जून 2024 को विक्रय अनुबंध निष्पादित किया गया, जिसे नोटेरी पब्लिक से प्रमाणित कराया गया। Hanumangarh News

सौदे के तहत उसने 18 लाख रुपए साई राशि के रूप में दिए, जिसमें 8 लाख रुपए नकद और आईसीआईसीआई बैंक पीलीबंगा के दो चेकों के माध्यम से 10 लाख रुपए शामिल थे। आरोपी ने भूमि को बैंक ऋण से मुक्त करवाकर 13 अप्रैल 2025 तक शेष राशि लेकर रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया था।

आरोपी कुलदीप और उसकी पत्नी सुनैना खोड़ ने पहले से ही कथित षड्यंत्र के तहत विक्रय अनुबंध को निष्फल करने और ली गई राशि हड़पने की मंशा बना ली थी। आरोप है कि कुलदीप ने विक्रय अनुबंध होने के बावजूद 19 दिसंबर 2024 को विवादित 5 बीघा भूमि सहित अपनी अन्य भूमि पत्नी सुनैना के नाम दानपत्र निष्पादित कर पंजीकृत करवा दिया। Hanumangarh News

रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि दानपत्र की जानकारी छिपाते हुए आरोपी ने भूमि को बैंक ऋणमुक्त करवाने और खाता तकसीम कराने का भरोसा देकर 11 अप्रैल 2025 को परिवादी से चेक के माध्यम से 5 लाख रुपए और प्राप्त कर लिए। इस प्रकार कुल 23 लाख रुपए लिए जाने का आरोप लगाया गया है।

परिवादी को बाद में जमाबंदी और राजस्व रिकॉर्ड से जानकारी मिली कि भूमि का नामांतरण आरोपी की पत्नी के नाम दर्ज हो चुका है। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। टिब्बी पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थाना प्रभारी हंसराज लूणा कर रहे हैं। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts