Punjab
गेहूं खरीद में देरी पर किसान मोर्चा बैठक में उठा मुद्दा
भाजपा किसान मोर्चा जिला कार्यकर्ता बैठक : तुलाई और भुगतान व्यवस्था सुधारने की मांग
हनुमानगढ़। भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान की जिला कार्यकर्ता बैठक सोमवार को जंक्शन स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे तथा गेहूं खरीद व्यवस्था, बोनस, भुगतान और कृषि सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। बैठक में पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, दमयंती बेनीवाल, भाजपा नेता अमित सहू, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा, बलवीर बिश्नोई, देवेन्द्र पारीक तथा डॉ. भारतभूषण शर्मा मंचासीन रहे। Hanumangarh News
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षांे से किसानों को गेहूं बोनस मिल रहा है, लेकिन इस बार सरकारी खरीद में कई तरह की बाधाएं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि समय पर खरीद नहीं होने से बोनस का लाभ प्रभावित हो रहा है और जिले की मंडियों में किसानों की आधे से अधिक गेहूं अभी भी पड़ी हुई है। साथ ही कई खरीद एजेंसियों की ओर से भुगतान में भी देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष से हस्तक्षेप कर किसानों की पूरी गेहूं की तुलाई करवाने तथा अटल भूजल योजना के तहत बनी डिग्गियों का भुगतान करवाने की मांग की। भाजपा नेता अमित सहू ने गेहूं खरीद का लक्ष्य और अवधि बढ़ाने की मांग उठाई। वहीं पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी ने कहा कि इस बार जिले में गेहूं का रकबा अधिक रहा, लेकिन खरीद की रफ्तार धीमी है और उठाव कार्य भी कछुआ चाल से चल रहा है।
उन्होंने मंडियों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाने, गेहूं खरीद अवधि 30 जून तक बढ़ाने तथा किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने पंजाब की तर्ज पर किन्नू प्लांट लगाने के लिए किसानों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि नरमा खेती में लगातार नुकसान और कर्ज के दबाव से जूझ रहे किसानों को वैकल्पिक कृषि मॉडल उपलब्ध कराना जरूरी है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। Hanumangarh News