जयपुर में 22-23 अक्टूबर को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 का होगा रोड शो
जयपुर में 22-23 अक्टूबर को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 का होगा रोड शो

जयपुर। गुजरात सरकार द्वारा आगामी 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) 2027 के तहत 22 और 23 अक्टूबर को राजस्थान की राजधानी जयपुर में रोड शो आयोजित किया जायेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार इसके लिए गुजरात के श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार तथा ग्रामीण विकास मंत्री कुंवरजीभाई बावलिया के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जयपुर आयेगा जबकि गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक शालिनी अग्रवाल इस रोड शो की नोडल अधिकारी होगी।
रोड शो के तहत 22 अक्टूबर को श्रीमती अग्रवाल वाइब्रेंट गुजरात समिट 2027 की प्रमुख प्राथमिकताओं पर प्रस्तुति देंगी। समिट से जुड़ी विशेष फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान प्रमुख उद्योगपतियों एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके बाद श्री बावलिया उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे।
पहले दिन प्रतिनिधिमंडल राजस्थान के शीर्ष उद्योगपतियों के साथ आमने-सामने बैठक करेगा। इसके अलावा 'टाई' के युवा उद्यमियों के साथ गोलमेज सम्मेलन और जयपुर के गुजराती समाज के सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। रोड शो के दूसरे दिन प्रतिनिधिमंडल की राजस्थान सरकार के मंत्रियों से मुलाकात और महिंद्रा वर्ल्ड सिटी का दौरा किया जायेगा। इसके बाद शहर के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर स्थलों का भी भ्रमण किया जायेगा।
इस रोडशो का आयोजन गुजरात सरकार की नोडल एजेंसी इंडस्ट्रियल एक्सटेंशन ब्यूरो द्वारा किया जा रहा है। इसमें एसोचैम नेशनल पार्टनर तथा केपीएमजी नॉलेज पार्टनर की भूमिका में हैं। वर्ष 2003 में तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट एक द्विवार्षिक निवेश सम्मेलन है। यह वैश्विक और राष्ट्रीय कारोबारी दिग्गजों, नीति निर्माताओं और निवेशकों को एक मंच पर लाता है। इसका आगामी संस्करण 10 से 12 जनवरी को गांधीनगर में आयोजित होगा।