Punjab
रिश्तेदारों पर धोखे से अंगूठे लगवाकर जमीन हड़पने का आरोप
महिला ने भाई, मामा और रिश्तेदार पर लगाया फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति हड़पने का आरोप
हनुमानगढ़। जिले के भादरा क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित धोखाधड़ी कर उसकी कृषि भूमि और आवासीय भूखंड हड़पने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर भादरा थाना पुलिस ने तीन जनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार हरियाणा के हिसार जिले के मोड़ाखेड़ा निवासी 60 वर्षीय गुड्डी देवी पुत्री सीतादेवी ने अदालत में पेश इस्तगासे में बताया कि वह पर्दानशीं, भोली-भाली और अशिक्षित महिला है। उसके नाना के नाम से भादरा में आवासीय भूखंड तथा ढाणी स्वामियां क्षेत्र में कृषि भूमि थी, जिसमें नानी और माता की मृत्यु के बाद उसका भी हिस्सा बनता है। इसके अलावा उसके पिता मदनलाल के नाम रावतसर क्षेत्र के चक 17 डीडब्ल्यूडी में खातेदारी कृषि भूमि थी, जो पिता की मृत्यु के बाद उसके और उसके भाई राजेन्द्र उर्फ लालचंद के नाम विरासत में दर्ज है।
परिवाद में आरोप लगाया गया कि 25 मार्च 2026 को उसके रिश्तेदार करण कुमार ने फोन कर कृषि भूमि और आवासीय भूखंड के हिस्से के विभाजन के नाम पर उसे तहसील परिसर भादरा बुलाया। करण कुमार उसके मामा का पुत्र होने के कारण उसने उस पर विश्वास कर लिया और भादरा पहुंच गई। महिला ने आरोप लगाया कि तहसील परिसर में उसका भाई राजेन्द्र कुमार उर्फ लालचंद और मामा सोहनलाल पहले से मौजूद थे। वहां कुछ स्टाम्प पेपर और दस्तावेज तैयार रखे गए थे। Hanumangarh News
आरोपियों ने उसे बताया कि दस्तावेज केवल भादरा स्थित आवासीय भूखंड और ढाणी स्वामियां की भूमि के विभाजन से संबंधित हैं। इसी भरोसे में लेकर उससे अंगूठा निशान लगवा लिए गए। परिवाद के अनुसार बाद में नोटरी की ओर से पूछे जाने पर उसे पता चला कि रावतसर स्थित कृषि भूमि के संबंध में भी मुख्त्यारनामा और शपथ पत्र तैयार करवाए गए हैं।
आरोप है कि करण कुमार, राजेन्द्र कुमार और सोहनलाल ने छल-कपट से दस्तावेज तैयार कर रावतसर की कृषि भूमि पर अधिकार हासिल करने तथा भविष्य में उसकी सहमति के बिना भूमि बेचने की योजना बना रखी थी। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके हिस्से की ढाणी स्वामियां स्थित कृषि भूमि सोहनलाल के पक्ष में तथा भादरा स्थित आवासीय भूखंड करण कुमार के पक्ष में दस्तबरदारी करवाकर अपने नाम करवाने की कार्रवाई कर ली।
साथ ही रावतसर स्थित भूमि को लेकर भी फर्जी मुख्त्यारनामा और शपथ पत्र तैयार कर लिए गए। परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया कि उसके नाना नरसीदास के नाम पोस्ट ऑफिस में जमा राशि को भी उसकी सहमति के बिना हड़प लिया गया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई दुनीराम को सौंपी है। Hanumangarh News
About The Author