Shamli Encounter: हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दो शूटरों का किया एनकाउंटर, दो पुलिसकर्मी घायल

Published On

Ankit Baliyan Murder: शामली (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस ने सोमवार को हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में दो संदिग्ध हत्यारों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मरने से पहले संदिग्ध हत्यारों ने अपराधी राहुल का नाम लिया है। Shamli Encounter

अपराधियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि सुमित और सुमित दोनों हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले थे। शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुष्टि की कि जिन चार शूटर्स ने अंकित बालियान की हत्या की थी, ये दोनों अपराधी उनमें शामिल थे। उन्होंने बताया कि यह मोस्ट वांटेड अपराधी थे।

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने अपराधियों के एनकाउंटर के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 26 अगस्त को शामली जिले में एक बड़ी घटना हुई थी। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक जिम के पास मशहूर हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना के बाद हमने पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया था।

उन्होंने बताया कि रात 12 बजे से सुबह तक नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान के तहत पूरे जिले में चेकिंग हो रही थी। तभी रात में लगभग 3.30 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में बागपत रजिस्ट्रेशन नंबर वाली गाड़ी में दो युवक आए। जब ​​पुलिस ने उन्हें आवाज देकर रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने तुरंत पुलिस की गाड़ी और जवानों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वे मुड़कर कोतवाली की तरफ भाग निकले। Shamli Encounter

एसपी ने बताया कि आगे भी चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसमें गाड़ी का शीशा टूट गया। इसी बीच अपराधी शहर की ओर भागने की कोशिश करने लगे। आगे चलकर उन्होंने पॉजिशन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। इसी बीच, वरिष्ठ अधिकारी भी मुठभेड़ स्थल पर पहुंच चुके थे।

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अपराधियों की फायरिंग के दौरान दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो अपराधी गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। उन्हें पकड़कर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि दोनों शूटर्स के पास से दो 9एमएम की पिस्तौल, एक .32 कैलिबर पिस्तौल, 26 कारतूस बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय घायल होने के बाद जब हमारी टीम ने उनसे विस्तार से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि हरियाणा के एक कुख्यात अपराधी राहुल ने उन्हें भेजा था। उसने उन्हें पैसे दिए, पिस्तौल का इंतजाम किया और बताया कि 26 अगस्त को बाहर से आने वाले कुछ लोग उनसे मिलेंगे। वे चारों अलग-अलग रास्तों से यहां पहुंचे और अंकित को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। Shamli Encounter

About The Author

Related Posts