गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाकर संगठन मजबूत करेगी भाकियू टिकैत

स्मार्ट मीटर और फसल मूल्य को लेकर गरमाई पंचायत

Published On

भोपा (सच कहूँ न्यूज़)। Bhopa News: गांव धीराहेड़ी में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले सदस्यता अभियान एवं पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को यूनियन से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही किसान आंदोलन में संघर्ष करने वाले परिवारों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।

पंचायत को संबोधित करते हुए किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार स्मार्ट मीटर के नाम पर किसानों और ग्रामीणों के साथ हेराफेरी कर रही है। स्मार्ट मीटर अधिक रीडिंग दिखा रहे हैं और गांवों में जबरदस्ती लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी लड़ाई खुद लड़नी होगी और संगठन किसानों के हितों की आवाज लगातार उठाता रहेगा।

उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ना, गेहूं और सरसों जैसी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। साथ ही खाद और डीजल की समस्या भी किसानों को परेशान कर रही है। खेती में अत्यधिक केमिकल के उपयोग से जमीन खराब हो रही है, इसलिए किसानों को जागरूक रहने की आवश्यकता है।

वहीं जिला अध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। किसानों की समस्याओं को सरकार के सामने मजबूती से उठाया जाएगा और गांवों में जबरदस्ती स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने दिए जाएंगे।

पंचायत का संचालन चांवीर सिंह एवं अध्यक्षता मंगत सिंह ने की। इस दौरान बिट्टू प्रधान, मनीष अहलावत, हरिओम राठी, सरदार आमिर सिंह, सर्विंद्र राठी, मनीष चेयरमैन, ऋषिपाल राठी, गुलवीर राठी, प्रमोद शर्मा, श्यामवीर, अनुज राठी, पवन राठी, किशन राठी, विकास चौधरी, पप्पू राठी, ओमबीर राठी, सुक्रपाल राठी, प्रवीन प्रजापति और चांदवीर राठी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।Bhopa News

About The Author

Related Posts