UP DA Hike: सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिवाली से पहले कर्मचारियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में किया ये बड़ा ऐलान

Published On

UP DA Hike: लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को दीपावली से पूर्व बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की, जिससे लाखों कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी झलक उठी है। यह निर्णय त्योहारी सीजन में सरकारी परिवारों के लिए राहत का संदेश लेकर आया है। DA Hike News

महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी

राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत संशोधन के अनुसार, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अब उनके मूल वेतन का 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। पहले यह दर 55 प्रतिशत थी। यह संशोधित दर 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी। इस निर्णय से लगभग 28 लाख कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री ने इस निर्णय की जानकारी ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए लिखा- “उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों/पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत की दर 1 जुलाई 2025 से 55% से बढ़ाकर 58% कर दी है। दीपावली से पूर्व यह निर्णय उनके जीवन में संतोष, सुरक्षा और समृद्धि का दीप जलाएगा।” मुख्यमंत्री ने इसे “जीवन स्तर सुधार की दिशा में प्रेरक कदम” बताया और सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएँ दीं।

वेतन पर प्रभाव?

महंगाई भत्ता, मुद्रास्फीति से कर्मचारियों को राहत देने के उद्देश्य से दिया जाने वाला अतिरिक्त भत्ता है।

उदाहरण के लिए- यदि किसी कर्मचारी का मूल वेतन ₹10,000 है, तो पहले उसे 55% यानी ₹5,500 महंगाई भत्ता मिलता था। अब वृद्धि के बाद यह ₹5,800 हो जाएगा। यानी प्रत्येक कर्मचारी को हर माह ₹300 अतिरिक्त राशि प्राप्त होगी।

केंद्र सरकार के निर्णय के बाद कदम

उत्तर प्रदेश सरकार का यह निर्णय केंद्र सरकार द्वारा की गई हालिया डीए वृद्धि के अनुरूप है। केंद्र ने भी जुलाई 2025 से अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता 55% से बढ़ाकर 58% करने की घोषणा की थी। केंद्र के इस कदम से लगभग 49 लाख कर्मचारी और 68 लाख से अधिक पेंशनभोगी लाभान्वित हो रहे हैं। इस वर्ष यह दूसरी बार है जब उत्तर प्रदेश के कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ मिला है। सरकार का यह निर्णय बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ कर्मचारियों के मनोबल को भी सशक्त करेगा। DA Hike News

About The Author

Related Posts