कैराना में चाक-चौबंद रहेगी राहुल गांधी की सुरक्षा-व्यवस्था

Published On

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान आगामी पांच जनवरी को कैराना पहुंचेंगे कांग्रेस नेता

  • एडवांस सिक्युरिटी लाइजनिंग के तहत सीआरपीएफ कमांडेंट ने कैराना पहुंचकर की सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा
  • कांग्रेस नेता के विश्राम स्थल एवं भारत जोड़ो यात्रा के लिए निर्धारित रूट के ड्यूटी पॉइंट्स की ली जानकारी

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के कैराना पहुंचने को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर है। एडवांस सिक्युरिटी लाइजनिंग(एएसएल) के तहत सीआरपीएफ के कमांडेंट ने कैराना पहुंचकर कांग्रेस नेता के लिए बनवाए गए विश्राम स्थल तथा भारत जोड़ो यात्रा के निर्धारित रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा कांग्रेस नेता की सुरक्षा के लिए निर्धारित ड्यूटी पॉइंट्स के बारे में भी जानकारी हासिल की।

यह भी पढ़ें:– कैराना में शत्रु सम्पत्ति की भूमि पर गरजा योगी का बुलडोजर

भारत जोड़ो यात्रा के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी पांच जनवरी को कैराना पहुंचेंगे। यह यात्रा पड़ोसी जनपद बागपत से एलम के रास्ते शामली जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। इसके बाद वह कांधला होते हुए कैराना क्षेत्र के ऊँचागांव में पहुंचेंगी। जहां पर राहुल गांधी कांग्रेस पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ पांच घण्टे विश्राम करेंगे। ऊँचागांव में कैराना-कांधला मार्ग पर सड़क किनारे ऊन शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र के निकट राहुल गांधी के लिए विश्राम स्थल बनाया गया है। यहां पर शौचालय तथा पीने के पानी आदि की व्यवस्था की गई है।

सीआरपीएफ कमांडेंट ने सुरक्षा बिंदुओं पर की चर्चा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गृह मंत्रालय द्वारा जेड प्लस तथा एडवांस सिक्युरिटी लाइजनिंग(एएसएल) के दायरे में रखा गया है। इसी के चलते राहुल गांधी की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल(सीआरपीएफ) के कमांडेंट शुक्रवार को कैराना पहुंचे तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ कांग्रेस नेता की सुरक्षा के सम्बंध में गहन चर्चा की। इस दौरान उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के निर्धारित रूट तथा विश्राम स्थल का जायजा लिया।

इसके अलावा ड्यूटी पॉइंट्स तथा सुरक्षा में तैनात किए जाने वाले अधिकारियों के सम्बंध में जानकारी ली। एएसपी ओपीसिंह ने बताया कि आगामी पांच जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी कैराना पहुंच रहे है। चूंकि उन्हें जेड प्लस सिक्युरिटी प्राप्त है। इसी के मद्देनजर अग्रिम सुरक्षा सम्पर्क के तहत सीआरपीएफ के अधिकारियों ने कांग्रेस नेता के विश्राम स्थल तथा रूट का निरीक्षण किया है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts