गन्ने के खेत के पास मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
गन्ने के खेत में मिला ग्रामीण का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
मीरापुर।(सच कहूं/कोमल प्रजापति) Mirapur News: थाना क्षेत्र के ग्राम संभलहेड़ा में लापता व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मीरापुर और ककरौली पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर गहन जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। सूचना पाकर एसपी देहात, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, थाना प्रभारी मीरापुर राजीव शर्मा तथा थाना प्रभारी ककरौली भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के बाद गांव में भय और शोक का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम संभलहेड़ा निवासी चरण सिंह (50 वर्ष) पुत्र रघुवीर सिंह 10 मई की शाम करीब छह बजे अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारियों में भी उनकी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार शाम टिकोला शुगर मिल के कर्मचारी ग्राम जटवाड़ा नाली की पुलिया के पास गन्ने के खेत की पैमाइश करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने खेत के पास एक शव पड़ा देखा। शव दिखाई देते ही कर्मचारियों ने शोर मचा दिया, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मीरापुर और ककरौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव की पहचान चरण सिंह के रूप में कराई। बताया गया कि शव दोनों थाना क्षेत्रों की सीमा के पास मिलने के कारण कुछ समय तक मीरापुर और ककरौली पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। फिलहाल दोनों थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
