एकेडमी पहुंचने पर कराटे टीम का पुष्प-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत

दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में द न्यू हाइट्स एकेडमी के छह छात्रों ने  लहराया परचम

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के झाड़खेड़ी मार्ग पर स्थित द न्यू हाइट्स एकेडमी के छह छात्रों ने देश की राजधानी नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय इंडिया ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप सीरीज-02 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। देश-विदेश से आए खिलाड़ियों के बीच कठिन मुकाबलों में एकेडमी के छात्रों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से कुल सात मेडल जीतकर एक नया इतिहास रचा है।

प्रतियोगिता में हिमांशी ने जूनियर ग्रुप में गोल्ड व सिल्वर मेडल, काशवी ने भी जूनियर ग्रुप में ब्रॉन्ज मेडल, कनिषा ने सब-जूनियर ग्रुप में गोल्ड व सिल्वर मेडल, अनमोल ने बालक वर्ग में सिल्वर मेडल, हरमन ने भी बालक वर्ग में सिल्वर मेडल व परी सैनी ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है। विजयी छात्रों का कहना है कि उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे विद्यालय प्रबंधन का विशेष योगदान रहा है, जिन्होंने खेल और खिलाड़ियों के लिए उत्कृष्ट सुविधाएं, सकारात्मक वातावरण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए। उन्होंने एकेडमी प्रधानाचार्य विवेक कुमार उपाध्याय का भी हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। कहा कि उनका प्रेरणादायी मार्गदर्शन, निरंतर सहयोग एवं उत्साहवर्धन ही वह शक्ति है, जिसने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

वहीं, एकेडमी चेयरमैन इमरान सिद्दीकी ने अपने संदेश में कहा कि मैनेजमेंट की दूरदर्शी सोच एवं कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज उनके विद्यार्थी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि केवल खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे एकेडमी परिवार के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समर्पण की जीत है। पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में भी एकेडमी के छात्र खेल जगत में विद्यालय का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते रहेंगे। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं ज्ञापित की है। इससे पूर्व, विजेता छात्रों का ग्रामीणों व एकेडमी प्रबंधन की ओर से पुष्प मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। विदित रहे कि छात्र हरमन बुच्चाखेड़ी के पूर्व प्रधान व भाकियू के मंडलाध्यक्ष राजेश प्रधान का भतीजा है।

Kairana News (2)

About The Author

Related Posts