बरसाती मौसम : धरा को मिलेगी 1.50 लाख पौधों की सौगात

Published On
  • विभागों को नि:शुल्क बांटे जाएंगे पौधे

फरीदाबाद (सच कहूँ न्यूज)। स्मार्ट सिटी में बढ़ते प्रदूषण एवं पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए आगामी मानसून सीजन में वन विभाग ने अधिक से अधिक पौधे रोपने की योजना बनाई है। इस योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए जाएंगे ताकि मानसून सीजन दौरान वह पूरी तरह से पनप सकें। वन विभाग ने इस दौरान एक लाख 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह पौधे सडक किनारों से लेकर अरावली क्षेत्र में लगाए जाएंगे। एक लाख से अधिक पौधे नि:शुल्क सरकारी महकमों को वितरित किए जाएंगे।

  • पंचायतें भी देंगी सहयोग

वन विभाग के रेंज अधिकारी रमेश सैनी ने मंगलवार को बताया कि हमारे शहर में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए यहां अधिक से अधिक पौधे लगाने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि यदि पेड़ बड़ी संख्या में होंगे, तभी प्रदूषण पर काबू किया जा सकता है। इसलिए हर गाँव में करीब हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए ग्राम पंचायतों को भी पौधारोपण अभियान में शामिल किया जाएगा तथा सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा।

  • पार्षद अपने वार्डों में लगवाएंगे 5-5 हजार पौधे

उन्होंने बताया कि मानसून सीजन में पौधारोपण अभियान शुरू कर दिया जाएगा। हमारी नर्सरी में पौधे तैयार किए जा रहे हैं, करीब डेढ़ से दो फुट ऊंचे पौधे जगह-जगह लगाए जाएंगे। निशुल्क पौधे उपलब्ध करा दिए जाएंगे। वहीं हरियाली बढ़ाने के इस अभियान में जिला परिषद भी बढ़चढकर हिस्सा लेगा। जिला परिषद के चेयरमैन विनोद चौधरी ने वन विभाग के अधिकारियों को भी पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं हर जिला पार्षद 5-5 हजार पौधे अपने-अपने वार्ड के गाँवों में लगवाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जुलाई में बारिश होना शुरू हो जाएंगी, पहली बारिश के बाद यह पौधारोपण अभियान शुरू हो जाएगा।

गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी फरीदाबाद विश्व के प्रदूषण शहरों के श्रेणी में शुमार है। बढ़ते प्रदूषण के चलते लोग विभिन्न प्रकार की आंखों व सांस संबंधी बीमारियों के शिकार हो रहे है। मानसून के सीजन के दौरान वन विभाग व जिला परिषद का यह अभियान प्रदूषण पर एक बड़ी चोट साबित होगा।

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts