महिला सुरक्षा के नाम पर यूपी सिफर : प्रियंका

Published On

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाथरस में हैवानियत की शिकार किशोरी की मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और महिला सुरक्षा का नाम ओ निशान नहीं है। वाड्रा ने मंगलवार को ट्वीट किया “ हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। ” उन्होने लिखा “ यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के क़ातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुये उन्होने कहा “उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।”

गौरतलब है कि हाथरस में गैंगरेप की शिकार लड़की ने सफदरजंग हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया है। जिले के चंदपा क्षेत्र में 14 सितम्‍बर को सामूहिक बलात्कार की शिकार पीड़िता की दरिंदो ने रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी और जीभ काट दी थी। अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कालेज से उसे गंभीर हालत में दिल्‍ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उधर लापरवाही बरतने के आरोप में कोतवाली इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts