सांसद इकरा हसन के आवास के बाहर धरने पर बैठी महिलाएं, महिला आरक्षण बिल के विरोध पर प्रदर्शन
महिला आरक्षण बिल को लेकर कैराना में महिलाओं का धरना प्रदर्शन
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना में समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के आवास के बाहर महिलाओं ने धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन महिला आरक्षण बिल के समर्थन और विपक्षी दलों द्वारा बिल का विरोध करने के खिलाफ था। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने विपक्षी दलों पर महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया है।
मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकत्री दर्जनों महिलाओं के साथ में समाजवादी पार्टी की स्थानीय सांसद इकरा हसन के कस्बे के पुराना बाईपास पर स्थित आवास पर पहुंची। जहां पर वह सांसद आवास के बाहर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गई और प्रदर्शन करने लगी। धरने को देखते हुए मौके पर सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
भाजपा की विधानसभा संयोजक सुधा तोमर के नेतृत्व में महिलाएं यह प्रदर्शन कर रही थी। इस दौरान कांधला मंडल अध्यक्ष रश्मिकांत, मंडल संयोजक प्रतिभा, राजेश मलिक, गीता, मनीषा, ममता समेत कई भाजपा नेत्री और महिला कार्यकत्री मौजूद रही। धरने के दौरान महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने 'फूल नहीं चिंगारी है, हम भारत की नारी हैं', 'जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा' और 'नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने फिर किया अपमान' जैसे नारे लगाए। विधानसभा संयोजक सुधा तोमर ने कहा कि महिलाएं 33 प्रतिशत आरक्षण लेकर रहेंगी।
उन्होंने आरोप दोहराया कि विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण बिल का विरोध करके महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने यह भी बताया कि महिला सम्मान के मुद्दे पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन निरंतर जारी रहेगा। विदित रहे कि विगत दिनों भारतीय जनता पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पेश किया था, जो वोटिंग के दौरान विपक्ष के विरोध के चलते पास नही सका था। सांसद इकरा हसन ने पार्टी गाइडलाइन को फॉलो करते हुए बिल के विरोध में अपना मत दिया था। इसी के चलते महिलाएं सांसद आवास के सामने धरना-प्रदर्शन कर रही है।

About The Author