घायल बुजुर्ग महिला को रेलवे परिसर में छोड़ गया अज्ञात

Elderly Woman

सच कहूँ/तरसेम सिंह
जाखल। जिनके मां-बाप जिंदा है, वे दुनिया के सबसे अमीर और संपन्न लोग है। मां-बाप ईश्वर का दूसरा रूप होते है। अगर आपके माता-पिता आपसे खुश है तो समझो ईश्वर खुश है। जिस घर में मां-बाप की इज्जत नहीं होती है, उस घर में बरकत नहीं होती है। इंसान मां के कर्ज को कभी नहीं उतार सकता। लेकिन आज के समय में औलाद किस कद्र गिर सकती है? इसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता। ऐसी ही एक घटना जाखल रेलवे परिसर में देखने को मिली जब बीती रात कोई अज्ञात व्यक्ति एक घायल बुजुर्ग करीब 70 वर्षीय महिला को स्टेशन पर फैंक कर चला गया है।

सूचना मिलने पर जीआरपी जाखल इंचार्ज व समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चोटिल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए जाखल के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। महिला की टांग व मुंह में गहरी चोट है। इस बुजुर्ग मां के ऐसे हालात में मिलने पर हर कोई उस अज्ञात व्यक्ति को कोस रहा है। जिसने ऐसी घिनौनी हरकत को अंजाम दिया है। महिला कौन है? कहां से है? अभी इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। महिला के पास एक कपड़ों से भरा हुआ बैग भी मिला है जिससे ये साफ जाहिर होता है कि महिला के रख रखाव व उसकी देखभाल न करने की नीयत से उसका ही कोई अपना ऐसा घिनौना कार्य करके गया है। जब इस बारे में डॉ. रिशु बंसल ने बताया कि रेलवे पुलिस एक करीब 70 वर्षीय घायल महिला को लेकर आए है उस महिला का इलाज शुरू कर दिया गया है।

क्या कहते रेलवे पुलिस चौकी इंचार्ज?

जीआरपी जाखल इंचार्ज करमचंद ने बताया कि जैसे ही उन्हें अज्ञात महिला के रेलवे परिसर में होने की सूचना मिली तो तुरंत मौके पर पहुंच कर देखा तो अज्ञात महिला घायल अवस्था में थी। तो उनको तुरन्त उपचार हेतु जाखल के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनकी और से महिला की पहचान हेतु आसपास के एरिया में सूचित कर दिया है। महिला अभी ब्यान देने के काबिल नहीं है स्वस्थ होने पर जो ब्यान देगी उसके आधार पर आगामी कार्यवाही की जाएगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।