Illegal Colonies: यूपी के इस जिले में 321 अवैध कॉलोनियां चिन्हित, जीडीए  ने जारी की पूरी सूची, चलेगा बुलडोजर!

Illegal Colonies
Illegal Colonies: यूपी के इस जिले में 321 अवैध कॉलोनियां चिन्हित, जीडीए  ने जारी की पूरी सूची, चलेगा बुलडोजर!

Illegal Colonies:  गाजियाबाद(सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। राजधानी दिल्ली से सटे हॉट सिटी में शुमार शहर गाजियाबाद   में अवैध कॉलोनियों की भरमार होती जा रही है। हॉट सिटी अवैध कॉलोनियों का गढ़ बन गया है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए ) द्वारा जारी की गई,ताजा सूची के अनुसार जिले में करीब  321 अवैध कॉलोनियां चिन्हित की गई हैं, जिनमें से कई शहर के मुख्य क्षेत्रों में स्थित हैं। जीडीए की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक अवैध कॉलोनियां प्रवर्तन जोन-7 के अंतर्गत लोनी क्षेत्र में हैं, जहां रिहायशी विकास बिना अनुमति के तेजी से फैल रहा है।

हैरानी की बात यह है कि नंद ग्राम, सदीक नगर और नूर नगर जैसे शहर के मध्यवर्ती इलाकों में भी कई कॉलोनियां अवैध रूप से विकसित हो चुकी हैं। इन कॉलोनियों में न तो विकास प्राधिकरण से स्वीकृत नक्शे हैं और न ही बुनियादी सुविधाओं की गारंटी। बावजूद इसके, भू-माफिया प्लॉट काटकर धड़ल्ले से बिक्री कर रहे हैं, जिससे न सिर्फ नागरिकों को भविष्य में समस्याएं झेलनी पड़ सकती हैं, बल्कि शहरी नियोजन भी अस्त-व्यस्त हो रहा है। जीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संपत्ति की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता की पुष्टि अवश्य करें। साथ ही अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं। हॉट सिटी कहे जाने वाले जनपद में  करीब 321 अवैध कॉलोनियों है। इसकी  पूरी सूची गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए)  की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां नागरिक अपने क्षेत्र की कॉलोनी की स्थिति की जांच कर सकते हैं। नगर नियोजन विशेषज्ञों का कहना है कि यदि इस पर जल्द रोक नहीं लगाई गई, तो शहर का बुनियादी ढांचा भारी दबाव में आ सकता है।