Punjab News: अमित शाह ने फिर दोहराया, पंजाब में बनेगी एनडीए गठबंधन की सरकार
चंडीगढ़ से केन्द्रीय गृह मंत्री का बड़ा राजनीतिक ऐलान, पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों में एनडीए की जीत का नारा लगवाया
चंडीगढ़, सच कहूँ/अश्वनी चावला। Punjab News: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर अकेले भाजपा की सरकार बनाने का ऐलान करने के बजाय पंजाब में एनडीए की सरकार बनने की बात कही है। यह ऐसे समय में हुआ है, जब यह स्पष्ट है कि पंजाब में जल्द ही भाजपा किसी एक राजनीतिक पार्टी के साथ गठबंधन कर सकती है। राजनीतिक हलकों में अनुमान लगाया जा रहा है कि एक बार फिर भाजपा और अकाली दल मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं। चंडीगढ़ में अपने संबोधन के दौरान अमित शाह ने पंजाब चुनावों का जिक्र करते हुए लोगों से एनडीए की जीत के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पंजाब में एनडीए की सरकार बनाने के नारे भी लगवाए।
उन्होंने कहा कि अब पंजाब के लोगों ने एनडीए की सरकार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। गाँवों से लेकर शहरों तक मतदाता इस समय भाजपा और उससे जुड़ी पार्टियों को पसंद करते नजर आ रहे हैं। इसलिए पंजाब की सेवा में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ेगी। अब तक भाजपा के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के साथ-साथ खुद अमित शाह भी पंजाब में भाजपा की सरकार बनने का ऐलान करते रहे हैं। पंजाब में भाजपा कई बार यह भी कह चुकी है कि उससे बार-बार गठबंधन को लेकर सवाल न किए जाएँ और वह मिलकर चुनाव लड़ेगी। अब अमित शाह द्वारा दो बार एनडीए का नाम लेना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। पहले अमित शाह ने दिल्ली में यह बात कही थी और अब चंडीगढ़ आकर इसे फिर दोहराया है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि शिरोमणि अकाली दल या किसी अन्य राजनीतिक पार्टी के साथ गठबंधन हो सकता है।
राहुल गांधी का देश का प्रधानमंत्री बनने का सपना कभी पूरा नहीं होगा: अमित शाह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ से कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए उन्हें सपनों का राजकुमार करार दिया। अमित शाह ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के सपने पर तंज कसते हुए कहा कि यदि वह प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं तो पूरी जिंदगी मॉक पार्लियामेंट में ही प्रधानमंत्री बने रहें, क्योंकि देश का प्रधानमंत्री बनने की उनकी बारी कभी नहीं आएगी। उन्होंने यह बयान चंडीगढ़ के 60वें स्थापना दिवस और चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान दिया। इस मौके पर उन्होंने चंडीगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, न्याय और बुनियादी ढांचे से संबंधित 258 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
अमित शाह ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की, जब दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन इंडिया की ओर से कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग के खिलाफ रैली की जा रही थी। इससे पहले 31 अक्तूबर को विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मॉक पार्लियामेंट भी आयोजित की थी। अमित शाह ने इसी कार्रवाई को राहुल गांधी की नई राजनीतिक रणनीति बताते हुए निशाना साधा। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस के ‘मोहब्बत की दुकान’ वाले नारे पर भी हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान से लोगों को मोहब्बत नहीं, बल्कि नफरत ही मिलेगी। कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले तीन विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी और अगले तीन चुनावों में भी उसका खाता नहीं खुलेगा।
Comments