Haryana Government Scheme: लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त जारी, कई अन्य योजनाओं के भी आये पैसे खाते में

हरियाणा के लाखों लाभार्थियों को बड़ी सौगात, 1890 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि DBT से जारी

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। Haryana Government Scheme: हरियाणा सरकार ने बुधवार, 10 सितंबर को प्रदेश के लाखों लोगों को आर्थिक राहत दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में 1890 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए भेजी। चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त भी जारी की।

लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त जारी

दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 10 लाख 10 हजार लाभार्थी महिलाओं के खातों में 212 करोड़ 16 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इस किस्त के साथ योजना के तहत अब तक 11 किस्तों में कुल 2254 करोड़ 47 लाख रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है।

35 लाख से ज्यादा लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 6841 लाभार्थियों के खातों में 1129 करोड़ 5 लाख रुपये भेजे। इसमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।

दयालु योजना से परिवारों को आर्थिक मदद

दयालु योजना के अंतर्गत 4520 परिवारों को 168 करोड़ 13 लाख 21 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसमें दयालु योजना-2 के 70 परिवार भी शामिल हैं। नई राशि को जोड़ने के बाद दयालु योजना के तहत अब तक 3320 करोड़ 61 लाख 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता जारी की जा चुकी है।

उद्योगों के लिए 311 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि

सरकार ने उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की अलग-अलग योजनाओं के तहत 670 लाभार्थियों को 311.25 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की। यह भुगतान ई-कुबेर प्रणाली के माध्यम से किया गया है।

सरकार के अनुसार प्रोत्साहन राशि की 50 प्रतिशत रकम अगले सात दिनों के भीतर जारी कर दी जाएगी। शेष राशि आवेदन की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद अधिकतम 45 कार्य दिवसों के भीतर जारी होगी।

इसके अलावा विभिन्न औद्योगिक योजनाओं के तहत भी राशि वितरित की गई। HEEP के 539 लाभार्थियों को 45.44 करोड़ रुपये, LWR के चार लाभार्थियों को 9.29 करोड़ रुपये और हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति के तहत 16 लाभार्थियों को 144.16 करोड़ रुपये दिए गए।

इसी तरह प्लग एंड प्ले योजना के 10 लाभार्थियों को 24.53 करोड़ रुपये, आत्मनिर्भर टेक्सटाइल नीति के 98 लाभार्थियों को 65.18 करोड़ रुपये, पदमा योजना के दो लाभार्थियों को 20.54 करोड़ रुपये तथा MSE क्लस्टर विकास कार्यक्रम के तहत एक क्लस्टर के लिए 2.11 करोड़ रुपये जारी किए गए।

6177 किसानों को भावांतर भरपाई का लाभ

हरियाणा के किसानों के लिए भी इस अवसर पर राहत की खबर सामने आई। भावांतर भरपाई योजना के तहत 6177 किसानों को कुल 49 करोड़ 89 लाख रुपये की राशि जारी की गई। यह भुगतान आलू, फूलगोभी और शहद उत्पादकों को किया गया।

आलू उत्पादक 6012 किसानों को 48 करोड़ 9 लाख रुपये, फूलगोभी उत्पादक 99 किसानों को 46 लाख 76 हजार रुपये और शहद उत्पादक 66 किसानों को 1 करोड़ 32 लाख 73 हजार रुपये की भावांतर राशि मिली।

5 लाख महिलाओं को एलपीजी सब्सिडी

हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत भी पात्र महिलाओं के खातों में जुलाई महीने की सब्सिडी भेजी गई। इस योजना के अंतर्गत 5 लाख महिलाओं को कुल 19 करोड़ 68 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।

योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एलपीजी सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाती है। सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत एक साथ राशि जारी किए जाने से प्रदेश के लाभार्थियों, किसानों, महिलाओं और उद्यमियों को आर्थिक सहायता मिली है।

 

Lado-Lakshmi-Yojana

About The Author

Related Posts