शिक्षा और रोजगार
CNG Price Hike: पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG ने बढ़ाई टेंशन, 2 दिन में दूसरी बार महंगी हुई गैस
CNG Price Hike: पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG ने बढ़ाई टेंशन, 2 दिन में दूसरी बार महंगी हुई गैस
CNG Price Hike: नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से पहले ही परेशान आम जनता को अब एक और बड़ा झटका लगा है। कई शहरों में CNG के दाम फिर बढ़ा दिए गए हैं। इस बार CNG की कीमत में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के मुताबिक दिल्ली में अब CNG की कीमत 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमत बढ़कर 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। खास बात यह है कि सिर्फ 2 दिनों में यह दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले 15 मई को CNG के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाए गए थे।
लगातार बढ़ रही कीमतों का सीधा असर रोजाना सफर करने वाले लोगों पर पड़ने वाला है। ऑटो, टैक्सी और CNG से चलने वाले निजी वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। वहीं परिवहन लागत बढ़ने से घरेलू बजट पर भी असर साफ दिखाई दे सकता है। आपको बता दें कि हाल ही में सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर भी 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। सरकार का कहना है कि वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसे हालातों के कारण कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 120-130 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। इसके चलते कई देशों में ईंधन महंगा हुआ है।
सरकार के मुताबिक अमेरिका में ईंधन की कीमतों में करीब 50 प्रतिशत, यूरोप में 20 प्रतिशत, पाकिस्तान में 60 प्रतिशत और बांग्लादेश में 16 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है, जबकि भारत में यह बढ़ोतरी लगभग 3 प्रतिशत ही रही है। वहीं विपक्ष ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। विपक्ष का कहना है कि सरकार को पेट्रोल-डीजल पर वैट और अन्य टैक्स में कटौती करनी चाहिए, ताकि किसानों और आम लोगों को राहत मिल सके। खासकर बुवाई के इस मौसम में बढ़ती ईंधन कीमतें किसानों की लागत और मुश्किलें दोनों बढ़ा सकती हैं।