हनुमानगढ़। सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में अब अदालत के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला पहले संदिग्ध परिस्थितियों में रोजनामचा रिपोर्ट तक सीमित रह गया था, जिसे अब परिवादी की शिकायत पर दोबारा खोला गया है। पुलिस के अनुसार, परिवादी अंग्रेज सिंह (43) पुत्र प्रेम सिंह निवासी वार्ड नंबर 2, नई खुन्जा, जंक्शन हाल ढाणी चक 2 जेआरके ने न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हनुमानगढ़ में इस्तगासा पेश किया था। Hanumangarh News
इस्तगासा में बताया गया कि 10 दिसंबर 2025 को शाम करीब 6 बजे उसका पुत्र जसपाल सिंह अपनी मोटर साइकिल नंबर आरजे 31 एसके 9413 पर सवार होकर हनुमानगढ़ जंक्शन बाजार से श्रीगंगानगर रोड होते हुए अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान पेशवानी नर्सरी के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में जसपाल सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। अंतत: इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हुई मौत, पहले नीलगाय से टक्कर बताकर बंद कर दी गई थी जांच
परिवादी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने सही जांच नहीं की और दुर्घटना को नीलगाय से टकराने का मामला बताकर केवल रोजनामचा रिपोर्ट दर्ज कर दी। जबकि दुर्घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच नहीं की गई। उन्होंने बताया कि मृतक उसका इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत से परिवार पर गंभीर संकट आ गया है। पुलिस की कथित लापरवाही के चलते दोषी वाहन चालक की पहचान नहीं हो सकी। मामले में अदालत ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद जंक्शन थाना में अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक खेमराज को सौंपी है। पुलिस ने अब दुर्घटना के वास्तविक कारणों व आरोपी की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News















