गोविंदपुरम अनाज मंडी में डीएम का औचक निरीक्षण, घटतौली पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: किसानों को बेहतर सुविधाएं और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने गोविंदपुरम अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मंडी प्रशासन में हड़कंप मच गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि घटतौली या किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का पूरा और सही मूल्य मिलना सुनिश्चित किया जाए। Ghaziabad News
डीएम ने किसानों के ठहरने, पार्किंग, यातायात और खानपान व्यवस्था का निरीक्षण किया और साफ-सफाई व सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। शौचालयों और विश्राम स्थलों की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
निरीक्षण के दौरान तौल कांटों की जांच कराई गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तौल प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए तथा किसी भी तरह की धोखाधड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाए।
अभिलेखों और गोदामों की गहन जांच | Ghaziabad News
डीएम ने मंडी के मेंटेनेंस रजिस्टर, खाता बही और गेट रजिस्टर सहित सभी अभिलेखों की समीक्षा की और उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था की भी जांच की गई, जिसमें अनाज की गुणवत्ता, सुरक्षा और फ्यूमिगेशन की स्थिति का निरीक्षण शामिल रहा।निरीक्षण के अंत में डीएम ने कहा कि मंडी की सभी व्यवस्थाएं किसान हित में पारदर्शी और प्रभावी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
यह भी पढ़ें:– Rajasthan News: राजस्थान में भीषण गर्मी का असर, हीटवेव अलर्ट, स्कूलों का समय बदला















