ग्रामीण महिलाओं के जीवन में ‘चांदनी बेदी’ ने बिखेरी रोशनी

Chandni-Bedi

संजय मेहरा गुरुग्राम। समाज को सही दिशा देने के लिए अगर कुछ जरूरी है तो वह है इंसान की कार्य करने की इच्छा और जज्बा। अगर इंसान में ये दोनों खूबियां हो तो मंजिल तक पहुंचने में आसानी हो जाती है। दिल में पूरा जज्बा लिए और इच्छा के साथ चांदनी बेदी ने ग्रामीण महिलाओं के उत्थान को लेकर काम शुरू किया। वे देश की पहली महिला आईपीएस किरण बेदी की संस्था ावज्योति फाउंडेशन से जुड़ी और जुट गई महिला उत्थान में। चांदनी बेदी इस संस्था के उन्न्नति प्रोजेक्ट में प्लानिंग से लेकर उसे जमीनी स्तर पर मजबूती के साथ उतारने में मुख्य सूत्रधार होती हैं।

संस्था में बतौर निदेशक 18 साल से काम कर रही चांदनी बेदी के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं ने अब तक जो हासिल किया है, वह अपने आप में एक माइल स्टोन है। वैसे तो संस्था पर्यावरण, बच्चों और महिलाओं को लेकर काम करती है। यहां हम बात करते हैं सिर्फ महिलाओं की। गुरुग्राम के खंड सोहना के 65 गांवों में चांदनी बेदी के प्रयासों से संस्था ने पैर फैलाए और महिला उत्थान में काम शुरू किया। क्षेत्र के 32 गांवों की 1500 महिलाओं को तो सिलाई का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के काबिल बना दिया गया है।

….जब लॉकडाउन में महिलाओं ने चलाए घर

चांदनी बेदी बताती हैं कि कोरोना महामारी के बीच जब लोगों के काम-धंधे बंद हो गए, नौकरियां चली गई, जब ये महिलाएं ही घर की तारनहार बनी। यानी इनकी मेहनत से घरों में कमाई आई। लॉकडाउन के बीच इन्हें मास्क आदि बनाने के बड़े-बड़े आॅर्डर मिले। दमदमा गांव में तो विजय रानी महिला की सास ने कोरोना काल में बड़े सम्मान के साथ अपनी बहु को घर चलाने का श्रेय दिया। ऐसे और भी उदाहरण हैं, जहां महिलाओं के इन प्रयासों के बाद उनका घरों में सम्मान भी बढ़ा है और उन्हें सपोर्ट भी मिला।

एक-दूसरे के जीवन को भी बचा रही महिलाएं

चांदनी बेदी कहती हैं कि रोजगार के लायक बनाने के साथ महिलाओं को कानूनी जानकारियां भी दी गई। जिला कानूनी एवं विधिक सेवाएं प्राधिकरण के साथ उन्हें जोड़ा गया है। वहां से पूरी मदद मिलती है। नागरिक पुलिस नाम से एक सब-कमेटी बनाई गई है। अपने आस-पास जब किसी महिला के साथ कोई घरेलू हिंसा होती है तो ये महिलाएं पहले अपने स्तर पर मामले का निपटारा करती हैं। अगर बात नहीं बनती तो फिर उसे कानून के हिसाब से आगे बढ़ाती हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।