राष्ट्रमंडल खेलों से लौटे 42 खिलाडिय़ों को सरकार ने दिए 25.80 करोड़ रुपये के इनाम

  • मुख्यमंत्री ने हरियाणा के धाकड़ खिलाडिय़ों को किया सम्मानित

  • गुरुग्राम में हुआ राष्ट्रमंडल खेलों के पदकवीरों का सम्मान समारोह

  • सीएम बोले, देश की स्पोट्र्स कैपिटल बनेगा हरियाणा, जिलावार होगी मैपिंग

गुरुग्राम। (संजय कुमार मेहरा) राष्ट्रमंडल खेलों के विजेता व प्रतिभागी 42 खिलाडिय़ों को 25 करोड 80 लाख रुपये के नकद इनाम, जॉब ऑफर लेटर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। यह सम्मान में उन्हें हरियाणा सरकार द्वारा मंगलवार को गुरुग्राम के सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस सभागार में आयोजित विशेष समारोह में दिया गया।
सम्मान समारोह के मंच से मुख्यमंत्री ने हरियाणा को देश की स्पोट्र्स कैपिटल के तौर पर विकसित करने के लिए राज्य में खेलों के इंफ्रास्टक्चर को बढ़ाने के लिए खेल अनुसार प्रदेश की मैपिंग कराने की घोषणा की। राज्य के हर जिला में एक खेल के अनुरूप मैपिंग करते हुए खिलाडिय़ों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने खिलाडिय़ों से भी स्वयं के साथ-साथ नई प्रतिभाओं के मार्गदर्शक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अब हरियाणा में पदक लाओ-पद पाओ नहीं, बल्कि इससे आगे बढते हुए पदक लाओ-पदक बढ़ाओ की सोच पर आगे बढऩा है। सभी की सहभागिता ही दुनिया में भारत के पदक तालिका में बढ़ोतरी का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया में खेलों के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में हरियाणा अपना बेस्ट दे रहा है। खेल क्षेत्र में बजट को डबल करते हुए 526 करोड़ रुपये कर दिया गया है। राष्टीय विचारधारा के साथ खेल के क्षेत्र में हरियाणा सरकार प्रभावी कदम उठा रही है।

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार अब नई खेल नीति के अनुरूप कार्य कर रही है। यही कारण है कि अब खिलाडिय़ों को बेहतर खेल वातावरण प्रदान करते हुए उन्हें तैयारी कराने से लेकर उनके खेल प्रदर्शन तक हर स्तर पर सरकार अपना सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के 2047 के लक्ष्य के तहत सरकार खेलों के साथ ही अन्य विकासात्मक पहलुओं में भी आगे बढ़ रही है।

प्रदेश के खिलाडिय़ों ने बनाया उत्सव का माहौल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूरे देश में हरियाणा के खिलाडिय़ों की चर्चा हो रही है। साथ ही सरकार द्वारा स्कूल के स्तर से लेकर ओलंपिक की तैयारियों तक दिये जा रहे प्रोत्साहन और सुविधाओं की भी सराहना हो रही है। खिलाडिय़ों की उपलब्धियों से समूचे प्रदेश में उत्सव जैसा वातावरण है। इस बार के राष्ट्रमण्डल खेलों में भाग लेने वाले देश के 215 खिलाडिय़ों में से 42 युवा हरियाणा के हैं। हमारे खिलाडिय़ों ने देश के 61 में से 20 पदक जीते हैं। इनमें से 17 पदक व्यक्तिगत स्पर्धा में और 3 पदक टीम इवेंट में हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।