Snowfall News: मौसम की पहली बर्फबारी का आनंद लेने का मन है तो इस जगह चले जाओ…

Published On

Snowfall News:  श्रीनगर (एजेंसी)। कश्मीर घाटी के ऊँचे इलाकों में सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई जो इस मौसम की पहली बर्फबारी है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों में जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश, बर्फबारी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है जबकि कल हल्की से मध्यम बारिश, बर्फबारी और गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में अफरवत, दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में सिंथन टॉप, बांदीपोरा जिले में राजदान टॉप और गंदेरबल जिले में जोजिला में बर्फबारी हुयी है।

श्रीनगर शहर और उसके आसपास और कई मैदानी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य के आसपास रहा, जबकि जम्मू के कई इलाकों में सामान्य से एक से पांच डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। लोकप्रिय पर्यटन स्थल गुलमर्ग में रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का तापमान भी सामान्य से कम रहा, कश्मीर संभाग में तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी और जम्मू संभाग में औसत से एक से छह डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने निवासियों और पर्यटकों को ऊँचाई वाले इलाकों में यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि बर्फबारी और बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन हो गयी है। अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने तथा कश्मीर, चिनाब घाटी एवं पीर पंजाल पर्वतमाला के ऊँचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की भी चेतावनी दी है।

About The Author

Related Posts