Weather Alert: हरियाणा, पंजाब, यूपी, राजस्थान में आंधी-तूफान करेगी तांडव, अगले 72 घंटे भारी!
Weather Alert: हरियाणा, पंजाब, यूपी, राजस्थान में आंधी-तूफान करेगी तांडव, अगले 72 घंटे भारी!
चंडीगढ़/हिसार, सच कहूँ/संदीप सिंहमार। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने भारतीय तट पर दस्तक दे दी है और केरल में इसका प्रवेश हो चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसूनी हवाएं केरल में सक्रिय हो चुकी हैं और अगले 24 घंटों के दौरान उनका प्रभाव और मजबूत होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी तंत्र तथा पश्चिमी एवं दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से राज्य में मानसून तेजी से सक्रिय हो रहा है। इसके चलते तटीय और आंतरिक क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और अचानक भारी वर्षा की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने 9 जून तक राज्य के कई क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को भी केरल के कई इलाकों में वर्षा दर्ज की गई।
कर्नाटक और तमिलनाडु में भी अलर्ट
तटीय कर्नाटक में 8 और 9 जून को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तरी और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 3 से 9 जून के बीच अलग-अलग चरणों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में 3 से 7 जून के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश का पूवार्नुमान है। इसके अलावा रायालसीमा क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
तेज हवाएं चलने की संभावना
दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम और उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 4 से 6 जून के दौरान हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हरियाणा और पंजाब में 4 जून को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 5 और 6 जून को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली और चंडीगढ़ में भी गरज-चमक के साथ मौसम बदलने के आसार हैं।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश को मिलेगी गर्मी से राहत
पूर्वी राजस्थान में 4 जून को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना व्यक्त की गई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 जून को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इन गतिविधियों के कारण तापमान में कुछ गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।