श्रीनगर व अन्य हिस्सों से हटे प्रतिबंध

Published On

अबु दुजाना की मौत के बाद हुए थे लागू

श्रीनगर (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर, शहरे खास, सिविल लाइंस और शहर के निचले इलाकों में सुरक्षा कारणों से लगाए गए प्रतिबंधों को प्रशासन ने हटा लिया। पुलवामा जिले में एक अगस्त को लश्करे तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकवादी अबु दुजाना और एक अन्य आतंकवादी के सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के बाद श्रीनगर के जिलाधिकारी ने विरोध प्रदर्शनों की आशंका के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में निषेधाज्ञा जारी कर दी थी। आधिकारिक सूत्रों ने वीरवार को बताया कि अब श्रीनगर के किसी भी हिस्से में कोई पांबदी नहीं है, लेकिन एसपी कालेज, अमर सिंह कॉलेज, गांधी कॉलेज, इस्लामिया कालेज, एसपी उच्च माध्यमिक स्कूल और एम पी उच्च माध्यमिक स्कूल में कक्षा कार्य स्थगित रहेगा।

कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए इन संस्थानों में कक्षा कार्य को स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। श्रीनगर के अन्य शैक्षिक संस्थानों में वीरवार को शिक्षा कार्य सामान्य रूप से चला। सड़कों पर तैनात सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों को हटा लिया गया और कंटीले तारों की बाड़बंदी हटाए जाने के बाद सड़कों पर यातायात सामान्य हो गया। उन्होंने बताया कि हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी धड़े के अध्यक्ष मीरवाइज मौलवी उमर फारूक के प्रभाव वाले क्षेत्र में ऐतिहासिक जामा मस्जिद के सभी दरवाजे खोल दिए गए।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह कुछ समय के लिए दी गई राहत है, क्योंकि शुक्रवार को फिर इसे सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया जाएगा। नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की ओर से लगाए जाने वाले प्रतिबंधों के कारण पिछले सात हफ्तों से इस मस्जिद में जुमे की नमाज अदा नहीं की जा सकी है। सिविल लाइंस क्षेत्र में कोई प्रतिबंध जारी नहीं है लेकिन अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts