रोड जाम करने के आरोप में पुलिस हुई सख्त

Police became strict sachkahoon

मुख्य किसान नेताओं सहित 400 पर केस दर्ज

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। डिप्टी स्पीकर रणवीर सिंह गंगवा की गाड़ी पर हमला करने के आरोप में पुलिस द्वारा पांच किसानों को हिरासत में लिए जाने पर रोषित किसानों द्वारा बरनाला रोड पर दक्ष प्रजापति चौक पर जाम लगाने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने 11 किसान नेताओं को नामजद करते हुए 300-400 अन्य किसानों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जिन किसानों पर केस दर्ज किया गया है, उनमें लखविंद्र सिंह औलख, प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा, गुरप्रीत सिंह गिल, मैक्स साहुवाला, गुरमीत ढिल्लों, लक्खा सिंह अलीकां, गुरप्रेम देसूजोधा, भूपेंद्र सिंह वैदवाला, गुरप्रीत सिंह गुरी मल्लेकां, सिकंदर सिंह रोड़ी, बलदेव सिंह सरसा सहित 300-400 अन्य शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि सांसद सुनीता दुग्गल व डिप्टी स्पीकर रणवीर गंगवा के सरसा में एक कार्यक्रम के दौरान शिरकत करने पर किसानों ने विरोध किया था। इस दौरान कुछ शरारती तत्वों ने गंगवा की गाड़ी पर पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए थे। इसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर दूसरे दिन रात्रि को पांच किसानों को हिरासत में ले लिया था। इन किसानों की प्रशासन द्वारा अल्टीमेटम देने के बाद भी रिहाई न करने पर किसानों ने दक्ष प्रजापति चौक, बरनाला रोड पर जाम लगा दिया, जिसके कारण आवागमन बाधित हुआ।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।