बोपन्ना की हार से भारतीय चुनौती खत्म

Published On

बोपन्ना-डाबरोवस्की की जोड़ी को हैनरी कोंटिनेन और हीथर वाटसन से मिली हार

  •  जूनियर विम्बलडन में भी भारत की चुनौती समाप्त

लंदन (एजेंसी)। भारत के रोहन बोपन्ना और उनकी जोड़ीदार कनाडा की गैबरिएला डाबरोवस्की को विम्बलडन टेनिस चैंपियनशिप के मिश्रित युगल क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा जिसके साथ ही भारत की वर्ष के तीसरे ग्रैंड स्लेम में चुनौती समाप्त हो गई। 10वीं सीड बोपन्ना-डाबरोवस्की ने फिनलैंड के हैनरी कोंटिनेन और ब्रिटेन की हीथर वाटसन के खिलाफ कड़ा संघर्ष किया लेकिन सेंटर कोर्ट पर हुए इस मुकाबले में गत चैंपियन जोड़ी ने फिर 6-7, 6-4, 7-5 से करीब दो घंटे में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। फ्रेंच ओपन के मिश्रित युगल का खिताब जीतकर यहां पहुंचे बोपन्ना-डाबरोवस्की की जोड़ी ने हालांकि मैच में काफी संघर्ष किया और 104 अंक जीते जबकि विजयी कोंटिनिन-वाटसन की जोड़ी को 109 अंक मिले।

इस मैच से ठीक पहले कोंटिनेन पांच सेटों तक चले अपने पुरुष युगल मैच को हार गए थे लेकिन उन्होंने मिश्रित युगल में उम्मीद बनाए रखते हुए पहला सेट टाईब्रेक में गंवाने के बाद बाकी दोनों सेटों को जीता। भारतीय-कनाडाई जोड़ी ने इससे पहले एक भी सेट नहीं गंवाया था लेकिन अंतिम आठ के मुकाबले में वह 11 में से आठ ब्रेक अंक बचाने के बाद भी मैच हार गए। उन्होंने मैच में सात एस लगाए लेकिन पांच डबल फाल्ट और छह बेजा भूलें कीं। बोपन्ना विम्बलडन में अकेले ही भारतीय चुनौती संभाले हुए थे और उनकी हार के साथ अब यह समाप्त हो गई। इससे पहले सानिया मिर्जा भी अपने मिश्रित और युगल मैचों में बाहर हो चुकी हैं।

 कोंटिनेन और वाटसन के सामने सोरेस और वेस्नीना की जोड़ी होगी

कोंटिनेन और वाटसन के सामने अब अंतिम चार में ब्रुनो सोरेस और एलीना वेस्नीना की दूसरी सीड जोड़ी होगी। एक अन्य सेमीफाइनल में ब्रिटेन के जेमी मुर्रे और मार्टिना हिंगिस की शीर्ष वरीय जोड़ी रहेगी। वहीं जूनियर विम्बलडन में भी भारत की चुनौती समाप्त हो गई है जहां महक जैन, जील देसाई, मिखा यादव और सिद्धांत बंथिया लड़कियां और लड़कों की स्पर्धाओं में अपने अपने मैच हार कर बाहर हो गए हैं।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts