जयपुर निंजास की टीम का लोगो किया लांच

Sach Kahoon Desk Picture
Published On
  • ‘गीता-बबीता से कोई तुलना नहीं’

New Delhi: अपनी स्टार बहनों गीता और बबीता के मुकाबले प्रो रेसलिंग लीग में दोगुनी कीमत पाने वाली जयपुर निंजास की आइकन खिलाड़ी रितु फोगाट ने शुक्रवार को कहा कि उनकी अपनी बहनों से कोई तुलना नहीं है और वह लीग के दूसरे संस्करण में अपनी कीमत को सार्थक साबित करने का प्रयास करेंगी। प्रो रेसलिंग लीग के दूसरे संस्करण की टीम जयपुर निंजास की टीम और लोगो को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में लांच किया गया जहां टीम के सभी भारतीय खिलाड़ी मौजूद थे।
जयपुर टीम का आकर्षण थीं रितु फोगाट जिन्हें इस बार लीग में 36 लाख रुपए की भारी भरकम कीमत मिली जो उनकी स्टार बहनों गीता और बबीता की 16-16 लाख की कीमत से दोगुना है। इस साल सिंगापुर में राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी और पिछली दो बार की सीनियर राष्ट्रीय चैंपियन 48 किग्रा की रितु ने अपनी बहनों से तुलना के बारे में पूछे जाने पर कहा कि मुझे पिछली बार 14 लाख रुपए मिले थे लेकिन इस बार 36 लाख रुपए मिले। मेरी बहनों के साथ कोई तुलना नहीं है।
उन्होंने तो मुझे बधाई दी कि तू हमसे ऊपर चली गई है। अब मुझे यह साबित कर दिखाना है कि मुझे सही कीमत मिली है। फोगाट बहनों और उनके पिता महावीर सिंह के जीवन पर बनी फिल्म दंगल के बारे में पूछने पर रितु ने कहा कि इससे सभी को प्रेरणा मिलेगी। यह एक बाप बेटी की कहानी है जो दूसरों को जीवन में कुछ करने के लिए प्रेरित करेगी। रितु पिछले साल की चैंपियन मुंबई गरुड़ में शामिल थे लेकिन इस बार वह जयपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी। जयपुर टीम में रितु के अलावा रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता स्वीडन की जैनी फ्रैंनसन (75) और वेनेजुएला की बेत्जाबेथ आरगुएलो (53) शामिल हैं। पुरुष वर्ग में रियो ओलंपिक में पांचवें स्थान पर रहे जार्जिया के एलिजबार ओदिकाद्जे (97) और विश्वकप के कांस्य विजेता याकूब माकर्शविली (74) भी टीम को मजबूती देंगे। टीम के भारतीय पहलवानों में पूजा ढांडा (58), उत्कर्ष काले (57), राहुल मान (65) और विनोद कुमार (70) शामिल हैं। Agency

About The Author

Related Posts