शिक्षा और रोजगार
बवानी खेड़ा अनाज मंडी में 78 करोड़ रुपए की 7 परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन-शिलान्यास
सीएम नायब सैनी ने किया 2028 में बवानी खेड़ा को उपमंडल का दर्जा देने का ऐलान
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने रविवार को बवानी खेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित ‘विकास संकल्प जनसभा’ में क्षेत्र के विकास का बड़ा खाका पेश किया। मुख्यमंत्री ने करीब 78 करोड़ रुपये की लागत वाली 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही बवानी खेड़ा के लिए कई नई विकास परियोजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र में 1446 करोड़ 38 लाख रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में केवल 609 करोड़ 58 लाख रुपये खर्च हुए थे।
स्कूल, जलघर और कैनाल रेस्ट हाउस का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने 3.51 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुजरानी और 2.62 करोड़ रुपये से तैयार राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलिंगा के भवन का उद्घाटन किया। गांव खेड़ा में 16.98 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कैनाल रेस्ट हाउस के कार्यालय परिसर व स्टाफ आवासीय भवन तथा बवानी खेड़ा में 28.89 करोड़ रुपये से जलघरों के नवीनीकरण और जलापूर्ति वितरण नेटवर्क का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने प्रेम नगर में 9.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दीनदयाल उपाध्याय 25 बिस्तरों के आयुर्वेदिक अस्पताल, नाथुवास से गुजरानी होते हुए बामला तक 10.59 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई लिंक रोड तथा 4.72 करोड़ रुपये से बनने वाले बलियाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया।
50 करोड़ से नागरिक अस्पताल का होगा विस्तार
नायब सैनी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि डिलिमिटेशन का काम पूरा होने के बाद वर्ष 2028 में बवानी खेड़ा को उपमंडल का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कामकाज के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा के 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल के विस्तार की घोषणा की। अस्पताल पर 50 करोड़ रुपये खर्च कर नया भवन बनाया जाएगा और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रेवाड़ी खेड़ा में 16.50 करोड़ रुपये से 33 केवी सब स्टेशन बनाया जाएगा। खरक कलां में महिला कॉलेज का भवन तैयार किया जाएगा। बवानी खेड़ा में जमीन उपलब्ध होने के बाद नई सब्जी मंडी भी बनाई जाएगी।
गांवों में ग्राम सचिवालय और कम्युनिटी सेंटर
बलियाली और जमालपुर में 90-90 लाख रुपये की लागत से ग्राम सचिवालय बनाए जाएंगे। बड़सी गुजरान और सैय में भी 90-90 लाख रुपये से बहुउद्देशीय हॉल बनाए जाएंगे। कलिंगा में 85 लाख रुपये से महाराणा प्रताप कम्युनिटी सेंटर, मढ़ाणा में 1.75 करोड़ रुपये और मुंढाल कलां में 80 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर बनाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने सिरसा घोघड़ा में 19 लाख रुपये से पार्क बनाने तथा कलिंगा में 24.47 करोड़ रुपये से जलघर के पुनर्निर्माण और विस्तार की घोषणा की। जाटू लोहारी में जमीन उपलब्ध होने पर स्टेडियम बनाया जाएगा। तिगड़ाना और धनाना में 50-50 लाख रुपये से खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बवानी खेड़ा में एक करोड़ रुपये से ई-लाइब्रेरी और दो करोड़ रुपये से महर्षि वाल्मीकि भवन बनाया जाएगा।
94.5 किलोमीटर सड़कों की होगी मरम्मत
बवानी खेड़ा में 50 लाख रुपये से महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर भवन, 5 करोड़ रुपये से नगर पालिका कार्यालय का नया भवन, 15 करोड़ रुपये से महर्षि वाल्मीकि के नाम पर स्टेडियम और 10 करोड़ रुपये से लोक निर्माण विभाग का नया रेस्ट हाउस बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के रखरखाव की भी घोषणा की। मार्केटिंग बोर्ड की डीएलपी के अधीन 13 सड़कों की 40.7 किलोमीटर लंबाई का रखरखाव संबंधित एजेंसी करेगी। पीडब्ल्यूडी की डीएलपी के अधीन 68 सड़कों की 184.10 किलोमीटर लंबाई का रखरखाव भी एजेंसी के माध्यम से कराया जाएगा। इसके अलावा 94.5 किलोमीटर लंबी 47 सड़कों की 55.45 करोड़ रुपये की लागत से विशेष मरम्मत कराई जाएगी।