Cricket News: भारत से हार के बाद बौखलाए पाकिस्तानी कप्तान का शेफाली को इशारा करना पड़ा भारी

फातिमा सना पर ICC की कार्रवाई, मैच फीस का 10% जुर्माना

Published On

नई दिल्ली। भारत के खिलाफ विमेंस एशिया कप 2026 में मिली हार के बाद पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी माना है। इसके तहत फातिमा पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

मामला भारत की पारी के दूसरे ओवर की अंतिम गेंद से जुड़ा है। इस गेंद पर फातिमा सना ने भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा का कैच एंड बोल्ड के जरिए विकेट हासिल किया था। विकेट मिलने के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने बल्लेबाज की ओर पवेलियन जाने का इशारा किया।ICC के अनुसार, इसी व्यवहार को खिलाड़ियों और उनके सहयोगी स्टाफ से संबंधित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के दायरे में उल्लंघन माना गया। यह प्रावधान ऐसे शब्दों, हरकतों या इशारों से संबंधित है, जो बल्लेबाज के आउट होने के बाद अपमानजनक या उकसाने वाले माने जा सकते हैं।

24 महीने में दूसरी गलती

यह फातिमा सना का पिछले 24 महीनों के भीतर दूसरा आचार संहिता उल्लंघन है। नए डिमेरिट अंक के बाद उनके खाते में कुल दो डिमेरिट अंक हो गए हैं। इससे पहले 6 अगस्त 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ टी20 मुकाबले के दौरान भी उन्हें एक डिमेरिट अंक मिला था। फातिमा के खिलाफ आरोप ऑन-फील्ड अंपायर निमाली परेरा और शथिरा जाकिर जेसी के साथ थर्ड अंपायर रुकैया सुल्ताना तथा फोर्थ अंपायर रबाब अहसान ने लगाए थे।

ICC आचार संहिता के लेवल-1 अपराध में आधिकारिक फटकार से लेकर मैच फीस के 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है। मामले की गंभीरता के अनुसार खिलाड़ी को एक या दो डिमेरिट अंक भी दिए जा सकते हैं। ICC के मुताबिक, फातिमा ने आरोप स्वीकार कर लिया और एमिरेट्स ICC इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की सुप्रिया रानी दास द्वारा प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। इसलिए इस मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

भारत ने पाकिस्तान को 55 रन पर समेटा

विमेंस एशिया कप 2026 के मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 55 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 8.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत और श्रीलंका ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पाकिस्तान के पास भी अंतिम चार में पहुंचने का मौका है। हांगकांग, चीन के खिलाफ जीत दर्ज करने पर पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में जगह बना सकती है। ग्रुप-बी में बांग्लादेश और यूएई के बीच 8 सितंबर को होने वाला मुकाबला इस ग्रुप से अंतिम सेमीफाइनलिस्ट का फैसला करेगा।

About The Author

Related Posts