महिला आरक्षण पर पीएम मोदी का विपक्ष को सख्त संदेश, बोले- रास्ते की हर बाधा हटाकर रहेंगे

कहा- देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने से कोई नहीं रोक पाएगा

Published On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए साफ संदेश दिया है कि सरकार महिलाओं को राजनीति में अधिक भागीदारी दिलाने के अपने प्रयासों से पीछे नहीं हटेगी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है और महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा।

प्रधानमंत्री का यह बयान संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले आया है। केंद्र सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर संसद में नए सिरे से आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। कार्यक्रम के अनुसार, 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक प्रस्तावित है।

'नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ', पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि महिला आरक्षण के लिए देश में दशकों से संघर्ष चल रहा है और वह भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिलाएं लगातार उनसे इस मुद्दे को उठाती रही हैं। कई बहनों ने पत्र लिखकर भी अपनी अपेक्षाएं जाहिर की हैं।

पीएम मोदी ने कहा, "मैं जानता हूं देश की सौ प्रतिशत, हंड्रेड परसेंट नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे।"

महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को दी चेतावनी

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का हौसला बुलंद है, हिम्मत अटूट है और इरादा अडिग है। उन्होंने महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों को रोक नहीं पाएंगी।

पीएम मोदी ने अपने संदेश के अंत में कहा कि अब वक्त का इंतजार है। उनके इस बयान को संसद के आगामी सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों को लेकर सरकार की रणनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts