फतेहाबाद पुलिस की संवेदनशीलता! युवक को दी नई जिंदगी

Published On

युवक ने नियमित काउंसलिंग, पुलिस की निगरानी में नशे को कहा अलविदा

Fatehabad Police: फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। कभी नशे की गिरफ्त में फंसा 21 वर्षीय युवक आज आत्मसम्मान और जिम्मेदारी के साथ अपने परिवार का कारोबार संभाल रहा है। गांव भिरडाना निवासी युवक की यह कहानी न केवल एक युवक की वापसी है, बल्कि संवेदनशील पुलिसिंग और समाजिक सहयोग की प्रेरक मिसाल बनकर सामने आई है। युवक मनीष ने बताया कि तीन वर्ष पहले एक शादी समारोह में दोस्तों के कहने पर उसने पहली बार शराब पी। कुछ नहीं होता कहकर शुरू हुई यह आदत धीरे-धीरे अफीम, भूकी पोस्त, चिट्टा और मेडिकल नशे तक पहुंच गई। नशे की लत बढ़ने के साथ परिवार का ट्रांसपोर्ट व्यवसाय प्रभावित होने लगा। आर्थिक हालात बिगड़ने लगे और सामाजिक दूरी भी बढ़ती गई। मनीष खुद को परिवार पर बोझ समझने लगा और जीवन निराशा में डूब गया। Fatehabad News

मां की पुकार बनी उम्मीद

भिरडाना में आयोजित एक शिविर के दौरान युवक की माता ने नशा मुक्ति टीम को बेटे की हालत बताई। टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सुंदर लाल ने तुरंत मामला एसपी तक पहुंचाया। पुलिस टीम ने मनीष से संपर्क कर काउंसलिंग शुरू करवाई। शुरूआत में खुद को बेकार समझने वाला मनीष धीरे-धीरे विश्वास के सहारे उपचार की ओर बढ़ा। दवाइयों, नियमित काउंसलिंग, पुलिस की निगरानी और परिवार के सहयोग से मनीष ने नशा छोड़ दिया। पुलिस टीम लगातार परिवार के संपर्क में रही और मनोबल बढ़ाती रही। यही मानवीय दृष्टिकोण उसकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। Fatehabad News

अब संभाल रहा परिवार का कारोबार

आज मनीष अपने परिवार के चार ट्रकों का संचालन कर रहा है और स्वयं ड्राइविंग भी करता है। वह कहता है कि यदि फतेहाबाद पुलिस का सहयोग न मिलता तो शायद वह जिंदगी की राह पर लौट ही नहीं पाता। युवाओं से अपील करते हुए मनीष ने कहा कि नशा आजादी नहीं बल्कि गुलामी है और गलत संगत से दूर रहना ही सबसे बड़ी समझदारी है।

एसपी के संकल्प से शुरू हुआ बदलाव

अप्रैल 2025 में पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभालने के बाद एसपी सिद्धांत जैन, आईपीएस ने जिले में नशे के बढ़ते प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए नशा मुक्त फतेहाबाद का लक्ष्य तय किया। उन्होंने तस्करों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे के शिकार युवाओं के उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास पर विशेष जोर दिया। इसी सोच के तहत आॅपरेशन जीवन ज्योति अभियान शुरू किया गया, जिसके अंतर्गत गांव-गांव जागरूकता और नशा मुक्ति शिविर लगाए जा रहे हैं। Fatehabad News

About The Author

Related Posts