नरवाना मंडी में उठान की सुस्ती पर भड़के मंत्री कृष्ण बेदी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

नरवाना। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने मंगलवार को नरवाना की अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों और व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। मंडी में गेहूं के उठान में हो रही देरी पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधिकारियों को तलब किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि उठान कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में किसानों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जानकारी के अनुसार नरवाना मंडी में अब तक 21 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से करीब साढ़े 8 लाख क्विंटल की खरीद हो चुकी है, जबकि उठान का कार्य अभी तक मात्र 10 प्रतिशत ही हो पाया है। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा, ताकि किसानों को समय पर भुगतान मिल सके। बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को लेकर भी मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने इसे प्राकृतिक आपदा बताते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है। बारदाने और लोडिंग की व्यवस्था सुचारू कर दी गई है तथा सभी खरीद केंद्रों पर अधिकारियों के साथ-साथ पार्टी कार्यकतार्ओं की भी तैनाती की गई है, ताकि समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके।

निकाय चुनावों को लेकर भी कृष्ण बेदी ने पार्टी की तैयारियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हर निकाय के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं और उकलाना में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान शुरू किया जा चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि निकाय चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी को जीत मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति पर टिप्पणी करते हुए दावा किया कि आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

About The Author

Related Posts