युवक ने कमरे में सो रहे दोस्त को गोली से उड़ाया

Published On

रोड़ी में दोस्ती का खून

ओढां(सच कहूँ न्यूज)। सरसा के गांव रोड़ी में एक दोस्त द्वारा अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मुताबिक वीरवार सुबह करीब पौने 7 बजे गुरलाल उर्फ सोना अपने कमरे में सो रहा था। उसके पिता नरेन्द्र सिंह ने जब पशुओं को चारा डालते समय गोली चलने की आवाज सुनकर कमरे में जाकर देखा तो 25 वर्षीय गुरलाल सिंह चारपाई पर पड़ा था और उसके सिर व छाती से खून बह रहा था। नरेन्द्र सिंह ने जब शोर मचाया तो उसने देखा कि इसी गांव का धर्मेन्द्र सिंह गुरलाल की मोटरसाईकिल लेकर भाग रहा था। घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी शिव नारायण शर्मा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

3 माह पहले हुई थी अनबन

सामने आया है कि आरोपी धर्मेन्द्र व मृतक गुरलाल सिंह दोनों की आपसी मित्रता थी। धर्मेन्द्र सिंह मूल रूप से पंजाब से है लेकिन वह पिछले कई वर्षांे से रोड़ी में ही रह रहा था। बताया जा रहा है कि उक्त दोनों के बीच करीब 3 माह पूर्व किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी, जिसके चलते धर्मेन्द्र ने गुरलाल सिंह को जान से मारने की धमकी दी थी। दोनों के बीच कुछ दिन पूर्व ही हुई सुलह के बाद धर्मेन्द्र का गुरलाल के साथ पुन: बोलचाल व आना-जाना भी शुरू हो गया था।

मृतक के पिता के अनुसार गुरलाल सिंह घर के पीछे के भाग में बने कमरे में अक्सर अकेला ही रहता था और उसके पास अक्सर लोग आते-जाते रहते थे। जिस पर उसने कभी भी ये ध्यान नहीं दिया कि गुरलाल के पास कौन आता-जाता है। आरोपी ने इस घटना को अंजाम वीरवार अलसुबह दिया, जिससे ये क्यास लगाया जा रहा है कि आरोपी रात्रि में गुरलाल सिंह के पास सोया हुआ था।

दो गोलियां मारी थी आरोपी ने

पुलिस ने शव का मुआयना कि तो पाया कि आरोपी ने गुरलाल सिंह को कनपटी व छाती में दो गोलियां मारी थी। पुलिस ने घटनास्थल से 12 बोर के अवैध कट्टे का एक खाली खोल बरामद किया है। पुलिस ने जांच में सामने आया है कि आरोपी ने गुरलाल सिंह पर उस समय गोली चलाई जब सोया हुआ था। सूचना के बाद सीन-आॅफ क्राईम से डॉ. अजमेर सिंह व सीआईए प्रभारी राजा राम, डबवाली सीआईए प्रभारी कर्मसिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खाली फ्रूटी व सिल्वर पेपर सहित कुछ अन्य सामान बरामद किया है जिससे ये क्यास लगाया जा रहा है कि रात को घटनास्थल पर नशे का सेवन किया गया था। घटना के बाद आरोपी धर्मेन्द्र मृतक गुरलाल सिंह की बाईक लेकर फरार हो गया।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts