Mobile Claim: चोरी हुए मोबाइल का क्लेम न मिलने पर बजाज फाइनेंस कार्यालय के बाहर धरना

Published On

पगड़ी संभाल जट्टा किसान संगठन ने दिया धरना

  • बीमा कंपनी बोली- पॉलिसी में चोरी कवर नहीं

भूना (सच कहूँ/ संगीता रानी)। Bajaj Finance Company: पगड़ी संभाल जट्टा किसान संगठन ने सोमवार को बजाज फाइनेंस कंपनी के कार्यालय के बाहर एक दिवसीय सांकेतिक धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता संगठन के ब्लॉक प्रधान कमल सिंह ने की, जबकि मंच संचालन मोचीवाली के कुलदीप बेनीवाल ने किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गांव दिगोह निवासी सुखविंदर पंडाल ने करीब 10 महीने पहले उकलाना रोड स्थित चॉइस मोबाइल से बजाज फाइनेंस के माध्यम से आईफोन 16 खरीदा था। 25 जनवरी 2026 को सफर के दौरान उनका मोबाइल चोरी हो गया। घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई गई तथा बजाज इंश्योरेंस कंपनी को भी सूचित किया गया। Bhuna News

संगठन के नेताओं का आरोप है कि बीमा कंपनी ने यह कहकर क्लेम देने से मना कर दिया कि गुम या चोरी हुए मोबाइल का क्लेम पॉलिसी में कवर नहीं होता। इस पर किसान संगठन ने हस्तक्षेप करते हुए मामले को उठाया, क्योंकि सुखविंदर पंडाल लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं। Bhuna News

किसान नेताओं ने चॉइस मोबाइल संचालक दीपक नारंग से संपर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्लेम की जिम्मेदारी दुकानदार की नहीं है, यह बीमा और फाइनेंस कंपनी का विषय है। इसके बाद किसान नेता बजाज फाइनेंस कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने भी क्लेम देने से इनकार कर दिया। शनिवार को इस संबंध में भूना थाने में कंपनी अधिकारियों और किसान नेताओं की बैठक भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। संगठन ने चेतावनी दी थी कि यदि उपभोक्ता को न्याय नहीं मिला तो 16 फरवरी को बजाज इंश्योरेंस कंपनी के कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। उसी को सोमवार को बजाज इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ धरना देकर रोष प्रदर्शन किया।

किसान संगठन ने मांग की है कि कंपनी पॉलिसी शर्तों की पारदर्शी जानकारी सार्वजनिक करे और उपभोक्ता को राहत प्रदान करे। सुखविंदर पंडाल ने कहा कि जब उन्होंने हजारों रुपए देकर मोबाइल का बीमा कराया था तो चोरी होने पर क्लेम क्यों नहीं दिया जा रहा। वहीं इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि राकेश कुमार ने कहा कि पॉलिसी की शर्तों के अनुसार चोरी और गुमशुदगी का प्रावधान शामिल नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग कंपनी पर अनावश्यक दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। Bhuna News

यह भी पढ़ें:– इफको चौक, सेक्टर-17 और सुखराली में चलाया अतिक्रमण मुक्त सड़क-फुटपाथ अभियान

About The Author

Related Posts