Sirsa News: डिकॉय ऑपरेशन में हुआ बड़ा खुलासा, बिना डॉक्टर की पर्ची ऑनलाइन बिक रही एंटीबायोटिक दवाएं

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

एच-1 श्रेणी की दवाएं प्लेटफॉर्म से मंगवाकर जांची

Antibiotics Being Sold Online: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। बिना डॉक्टर की पर्ची के ऑनलाइन एंटीबायोटिक दवाएं बेचे जाने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी सच्चाई जानने के लिए डिकॉय ऑपरेशन किया, जिसमें बिना किसी चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन के एच-1 श्रेणी की एंटीबायोटिक दवाएं ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगवा ली गईं। जांच में यह भी सामने आया कि दवाएं दिल्ली स्थित कंपनी से कूरियर के जरिए सीधे सरसा भेज दी गईं। मामले को गंभीर मानते हुए सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद शर्मा ने सीनियर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर को पत्र लिखकर संबंधित कंपनी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है। Sirsa News

सिविल सर्जन ने ड्रग कंट्रोल विभाग को लिखा पत्र

दरअसल स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि प्लेटिनम आरएक्स नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना पंजीकृत चिकित्सक के वैध प्रिस्क्रिप्शन के अनुसूची एच-1 श्रेणी की दवाएं बेच रहा है। इसकी पुष्टि के लिए विभाग ने डिकॉय ऑपरेशन किया। टीम ने बिना किसी डॉक्टर की पर्ची के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से एच-1 श्रेणी की दो एंटीबायोटिक दवाएं ऑर्डर कीं। ऑनलाइन भुगतान के बाद उक्त दवाएं नई दिल्ली के नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एफोलाइफ रिटेल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा कूरियर के माध्यम से सरसा भेज दी गईं। हैरानी की बात यह रही कि दवाएं मंगवाने के दौरान किसी पंजीकृत चिकित्सक की पर्ची अपलोड या सत्यापित नहीं की गई, इसके बावजूद प्लेटफॉर्म ने एंटीबायोटिक दवाओं की आपूर्ति कर दी।

सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद शर्मा ने बताया कि अनुसूची एच-1 दवाओं की बिना चिकित्सकीय पर्चे के बिक्री औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) का खतरा बढ़ रहा है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक्स व अन्य शक्तिशाली दवाओं की अनियंत्रित उपलब्धता से दवाओं के दुरुपयोग, ओवरडोज और गंभीर दुष्प्रभाव की आशंका बढ़ जाती है। मामले की रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। Sirsa News

About The Author

Related Posts