Punjab
खानपुर कोलियां के नजदीक डिवाइडर से टकराई कार, दंपत्ति समेत तीन की मौत
भीषण हादसे में दंपत्ति समेत तीन लोगों की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
कुरुक्षेत्र (सच कहूँ/देवीलाल बारना)। Kurukshetra News: राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर गांव खानपुर कोलियां के नजदीक मंगलवार दोपहर को भीषण हादसे में दंपत्ति समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदार्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को गाड़ी से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान बृजभूषण, उनकी पत्नी कांता और कार चालक भारत के रूप में हुई है, जोकि दिल्ली के नागलोई इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में बृजभूषण का बेटा तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए शाहाबाद स्थित आदेश अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार चारों दिल्ली नंबर कार में होकर दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहे थे। जैवे ही गाड़ी हाईवे पर खानपुर कोलियां के पास पहुंची डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराकर कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना सदर थानेसर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी से बाहर निकाल घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने बृजभूषण, उनकी पत्नी कांता और भारत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि शवों को एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिनके आने पर पोस्टमार्टम किया जाएगा।