Punjab
बारात से चंद घंटे पहले दूल्हा हुआ गायब, नहीं पहुंची बारात
पूरी रात बारात के इंतजार में मेंहदी लगाए बैठी रही दुल्हन
शिकोहाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Shikohabad News: ग्राम नीम खेरिया में हाथों पर मेंहदी लगाए दुल्हन बनी एक युवती बारात के आने के इंतजार में बैठी रही। लेकिन बारात नहीं आने से कन्या पक्ष में हड़कंप मच गया। आनन फानन में वर पक्ष से संपर्क किया लेकिन वहां भी दूल्हा बना युवक घर छोड़कर भाग गया। ऐसे में कन्या पक्ष ने देर रात थाने में वर पक्ष के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बॉबी कुमार पुत्र गयाप्रसाद ने अपने बेटी मोहिनी की शादी फिरोजाबाद की अंबे नगर कॉलोनी निवासी जगजीवन राम के पुत्र पुष्पेंद्र के साथ तय हुई थी।
27 अप्रैल को बारात आनी थी। सोमवार की शाम 5 बजे लड़का पक्ष की ओर से लहंगा ले जाने की कहा गया तो कन्या पक्ष के लोग लहंगा ले आए। साथ ही कन्या पक्ष को बताया गया कि रात 8 बजे तक बारात आ जाएगी। जब 9 बजे तक बारात नहीं आई तो लड़की पक्ष को उसकी चिंता हुई। कन्या पक्ष ने लड़के के चाचा को फोन किया तो ज्ञात हुआ कि दूल्हा गायब हो गया है, किसी ने शाम को ही उसका अपहरण कर लिया है। जबकि दुल्हा पुष्पेंद्र, दूल्हे के मामा की बेटी भी घर से गायब है।
इस दौरान दुल्हन शादी के सपने सजाए पूरी रात मेंहदी हाथों पर सजाए बैठी रही। वह बहुत गुमसुम थी। उसे समझ नहीं आ रहा था कि आखिर जब शादी नहीं करनी थी तो दूल्हे ने शादी के लिए हां क्यों कर दी। लड़की के चाचा संजय सिंह ने बताया कि शादी में करीब 4 से 5 लाख रुपए का सामान लड़का पक्ष को शादी से पूर्व ही दे चुके हैं। लड़के पक्ष का कहना था कि वह भी दूल्हे को खोज रहे हैं। आरोपी दूल्हा नगर निगम में संविदा पर जलकल विभाग में संविदा पर कार्यरत है। बारात न आने के कारण लड़की पक्ष के रिश्तेदारों तथा आसपास के लोगों की भीड़ लगी हुई है। दूसरी ओर लड़का पक्ष खर्चा तथा सामान लौटाने को भी राजी है।