महिलाओं को मिल रही आत्मनिर्भरता की नई उड़ान, हरियाणा महिला विकास निगम बना सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम: चेयरपर्सन सुनीता दांगी

स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनें महिलाएं, सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

Published On

कुरुक्षेत्र (सच कहूँ न्यूज़)। Kurukshetra News: हरियाणा सरकार के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में महिलाओं के कल्याण, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन्हीं प्रयासों के तहत हरियाणा महिला विकास निगम प्रदेशभर की महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी ने महिलाओं को सरकार की विभिन्न रोजगारपरक एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर महिला को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है, ताकि वह अपने हुनर और मेहनत के दम पर स्वयं का रोजगार स्थापित कर सम्मानजनक जीवन जी सके। सुनीता दांगी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आज हजारों महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी होकर न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि समाज में भी एक नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को नया व्यवसाय या गृह उद्योग शुरू करने के लिए आसान शर्तों पर ऋण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को साहूकारों के ऊंचे ब्याज से मुक्ति मिले और वे सीधे बैंकिंग व्यवस्था से जुड़कर बिना किसी आर्थिक दबाव के अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें l

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। इन समूहों के माध्यम से महिलाएं अचार, मुरब्बा, पापड़, मसाले, वर्मी कम्पोस्ट, सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, जूट बैग तथा अन्य घरेलू एवं लघु उद्योगों से जुड़कर अच्छी आय अर्जित कर रही हैं। सुनीता दांगी ने कहा कि जब एक महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है तो उसका लाभ पूरे परिवार और समाज को मिलता है। स्वयं सहायता समूह महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की शक्ति का विकास कर रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने प्रदेश की सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे हरियाणा सरकार और हरियाणा महिला विकास निगम की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ें और आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार एवं समाज की उन्नति में सहभागी बनें।

Kurukshetra News

About The Author

Related Posts